खटीक बस्ती में बाइक चोरी का आरोप लगाकर 17 वर्षीय अजय की हत्या के मामले में शुक्रवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के भाई राहुल के बयान पर दो नामजद बिट्ट और करण समेत 12 के खिलाफ हत्या, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी व अन्य अपराध की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस खटीक बस्ती के लोगों से पूछताछ कर रही है, लेकिन लोग चुप्पी साधे हुए हैं। आसपास कोई कैमरा नहीं है, जिससे सभी आरोपी पकड़ में आ सके।
हालांकि पुलिस दो नामजद आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। दूसरी ओर सेंटर आफ ट्रेड यूनियन जिला कमेटी पानीपत ने खटीक बस्ती में हुई वारदात की निंदा की है। सदस्यों ने बताया कि इससे पूर्व भी पानीपत में ही एक प्रवासी मजदूर का हाथ काटने की घटना की भी निंदा की गई। सीटू के राज्य सचिव सुनील दत्त ने इन घटनाओं की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्यवाई करने की मांग की है।