पानीपत में जीटी रोड पर सोमवार दोपहर को सड़क हादसे में जूता विक्रेता की मौत के बाद मंगलवार को मौसेरी बहन की भी मौत हो गयी है। वहीं जूता विक्रेता की मौसी की हालत गंभीर बनी हुई है। एक साथ दो की मौत होने से परिवार में कोहराम मच गया। हादसे के बाद से आरोपी ट्रक चालक मौके पर ट्रक छोड़कर फरार है।
सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी शिकायत में कांता देवी ने बताया कि वह सैनी कॉलोनी की रहने वाली है। उसका बेटा राजकरण(27) सोमवार को अपनी बाइक पर सवार होकर अपने मामा के गांव गवालड़ा गया था। जहां से दोपहर को वह अपनी मौसी गीता(42) निवासी धोबी घाट चांद सराय करनाल और उसकी बेटी काजल(17) को बाइक पर बैठा कर वापस पानीपत आ रहा था। जब वे सिवाह गांव के सामने जीटी रोड पर फ्लाइओवर के ऊपर पहुंचे तो उनके आगे तेज गति से चल रहे कैंटर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। जिससे उसके बेटे का एक्सीडेंट हो गया। हादसे में उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसकी बहन और भांजी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिनमें काजल की मंगलवार को मौत हो गई।
शादी की तैयारियों में जुटा था परिवार
परिजनों ने बताया कि राजकरण(25) तीन बहनों का इकलौता भाई था। उसका एक माह पहले ही रिश्ता तय हुआ था। अब अगले माह दीवाली पर उसकी शादी होनी थी। घर के सभी सदस्य तैयारियों में जुटे हुए थे।