समालखा। बाइक सवार कांवड़ियों को बचाते हुए एक कार अनियंत्रित होकर दिल्ली पैरलल नहर में गिर गई। कार में सवार दो भाइयों की जान तो बच गई परंतु कार नदी में बह गई जिसे बुधवार को हाइड्रा मशीन की मदद से बाहर निकाला गया। घटना नामुंडा व नारायणा के बीच मंगलवार रात की है।
जांच अधिकारी उप निरीक्षक बंसीलाल के मुताबिक सोनीपत के गांव जाजी निवासी अंकित अपने भाई के साथ कार में सवार होकर पानीपत किसी गायक से मिलने जा रहे थे। जैसे ही वह रात्रि करीब ढाई बजे नामुंडा व नारायणा के बीच सामने से कांवड़ियों की बाइक आ गई जिसको बचाने के चक्कर में कार चालक का संतुलन बिगड़ गया। कार अनियंत्रित होकर दिल्ली पैरलल नहर में गिर गई।
कार में सवार एक युवक ने कार का शीशा तोड़ जान बचाई जबकि उसका भाई खिड़की का शीशा खोलकर बाहर निकला जबकि कार नहर में बहती चली गई। सूचना पुलिस को दी गई। संवाद