जीटी रोड पर गांव पट्टी कल्याणा के पास अनियंत्रित कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई और परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए।
वे सब मुंडका, दिल्ली से गाड़ी से अमृतसर स्वर्ण मंदिर जा रहे थे। मां-बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने शवों को शव गृह में रखवा दिया है।
घायलों को शहर के सरकारी व प्राइवेट अस्पताल में दाखिल कराया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त गाड़ी को जीटी रोड से हटवा दिया है। हादसा रविवार को दोपहर बाद जीटी रोड पर पट्टी कल्याणा के पास हुआ।
दिल्ली के मुंडका निवासी मोंटी अपनी मां मीना (45), बहन गौरी व मेघना और मौसी पूजा, मौसेरी बहन हन्नी व भाई आशीष के साथ कार में पंजाब के अमृतसर स्थित स्वर्ण मंदिर दर्शन को जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि गाड़ी आशीष चला रहा था। पट्टी कल्याणा गांव के पास कार का अचानक संतुलन बिगड़ गया और डिवाइडर से टकराकर तीन पलटियां खाते हुए दिल्ली लेन पर जा गिरी। हादसे में मेघना की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार के बाकी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने गाड़ी की खिड़की तोड़कर घायलों को बाहर निकाला और उनको पानीपत के एक निजी अस्पताल व सीएचसी में दाखिल कराया।
जहां मीना की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। इसी बीच चोट ज्यादा लगने पर मीना ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस व परिवार के सदस्य पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले गए। थाना पुलिस ने दोनों शव सिविल अस्पताल के शव गृह में रखवा दिए हैं।
खुशियां मातम में बदलीं
मुंडका से अमृतसर जाते समय मोंटी व परिवार के सभी सदस्य बेहद खुश थे और रास्ते भर अमृतसर को लेकर प्लानिंग बना रहे थे।
उनको नहीं पता था कि एक झटके परिवार के दो सदस्यों की जान चली जाएगी। घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
ट्रेन की चपेट में आने से युवक की टांग कटी
पानीपत। शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-चार पर चलती पैसेंजर ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय पांव फिसलने से एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी टांग कट गई।
आरपीएफ ने अन्य यात्रियों की मदद से युवक को घायलावस्था में सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां से चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया।
घटना के कारण यात्री गाड़ी भी अपने निर्धारित समय से करीब बीस मिनट की देरी से चली। भिवानी निवासी राहुल (25) पुत्र परशुराम किसी काम से पानीपत आया था।
आरपीएफ थाना इंचार्ज जीएस गौतम ने बताया कि राहुल दोपहर को 54026 पानीपत-रोहतक यात्री गाड़ी से रोहतक जाने के लिए स्टेशन पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब वह प्लेटफार्म नंबर चार पर पहुंचा तो ट्रेन चल पड़ी थी। चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करते समय वह पायदान से फिसल गया और ट्रेन की चपेट में आ गया।
इसी दौरान गार्ड को घटना का पता चल गया और उसने गाड़ी रुकवा दी। हादसे के बाद करीब 20 मिनट तक गाड़ी रुकी रही। राहुल को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।
राहुल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। आरपीएफ ने बताया कि राहुल से मिले मोबाइल के आधार पर उसके परिजनों को संपर्क कर घटना से अवगत कराया गया।
तालाब में शव मिलने से सनसनी
पानीपत। बराना गांव के तालाब में संदिग्ध परिस्थतियों में शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौत का कारण तालाब में डूबना बताया है।
फिलहाल शव को शिनाख्त के लिए पोस्टमार्टम के बाद शव गृह में रखवाया है। थाना सदर के तहत बराना गांव के तालाब में रविवार को सुबह एक 35 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से शव को तालाब निकाला और शिनाख्त की। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराया और शव को शव गृह में ही शिनाख्त के लिए रख दिया।
पुलिस का मानना है कि उक्त व्यक्ति आसपास किसी ईंट भट्ठे पर काम करने वाला है और वह यहां पर दैनिक क्रियाएं निपटाने आया था। थाना सदर प्रभारी आत्माराम लांबा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।