जीटी रोड सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ कैंटर। संवाद
समालखा। जीटी रोड पर पट्टीकल्याणा फ्लाईओवर के पास रविवार सुबह 11 बजे कैंटर ने ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी, इसमें कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। इससे जीटी रोड पर लंबा जाम लग गया। राहगीरों ने इसकी सूचना समालखा थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि कैंटर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल चालक को बाहर निकालकर उपचार के लिए सामान्य अस्पताल भिजवाया। जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे खानपुर पीजीआई भेज दिया गया। समालखा थाना प्रभारी गुलशन ने बताया कि कैंटर चालक की हालत गंभीर बनी हुई है और वह खानपुर पीजीआई में भर्ती है। फिलहाल घायल के परिजन अभी तक नहीं पहुंचे हैं। मामले की जांच के लिए जांच अधिकारी को पीजीआई भेजा गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।