पानीपत। विश्व कैंसर दिवस पर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला नागरिक अस्पताल में ओपीडी में शिविर लगाकर लोगों को कैंसर से बचाव उसके लक्षणों की जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉ. जयंत आहूजा ने कैंसर रोगियों को सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जागरूकता से कैंसर को हरा सकते हैं। काबड़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. ललित वर्मा ने लोगों को कैंसर के खिलाफ जागरूक किया। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनदीप कौर ने महिलाओं को स्तन कैंसर व गर्भास्य कैंसर के बारे में बताया और इससे बचाव की विस्तृत जानकारी दी।
डॉ. मनदीप कौर ने महिलाओं को कैंसर के खिलाफ जागरूक करते हुए बताया कि नेशनल प्रोग्राम फॉर प्रीवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ कैंसर, डायबिटीज, कार्डियो वैसकुलर डिजीज एवं स्ट्रोक (एनपीसीडीसीरएस) के तहत सिविल अस्पताल में नान कम्यूनिकेबल डिजीज (एनसीडी) यूनिट खुली हुई है। महिला और पुरुष दोनों के ब्रेस्ट टिश्यू होते हैं। महिलाओं में कई तरह के हार्मोन्स होने से टिश्यू बढ़कर पूरे ब्रेस्ट का रूप ले लेते हैं। पुरुषों में ब्रेस्ट को बढ़ाने वाले हार्मोन नहीं होते। पुरुष छाती में होने वाली गांठ-दर्द को नजरअंदाज कर देते हैं। यही कारण है कि छाती के कैंसर की पहचान आखिरी स्टेज में होती है। ब्रस्ट कैंसर के मुख्य कारण स्तनपान नहीं कराना, लंबे समय तक गर्भनिरोधक दवा लेना, अधिक बार रेडिएशन टेस्ट, जेनेटिक कारण और मोटापा, -बढ़ती आयु, शराब का सेवन,व्यायाम नहीं करना और खानपान का सही नहीं होना है।
वॉकथॉन से किया जागरूक-
उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसैन अस्पताल की ओर से एक विशेष वॉकथॉन का आयोजन किया गया। जिसका उद्देश्य कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना और इसकी रोकथाम, शीघ्र पहचान एवं उचित उपचार पर ध्यान केंद्रित करना रहा। यह वॉकथॉन उजाला सिग्नस महाराजा अग्रसैन अस्पताल व पाइट कॉलेज ने आयोजित की। वॉकथॉन को सिटी मजिस्ट्रेट टीनू पोसवाल ने हरी झंडी दिखाकर शुरू किया। उन्होंने कहा कि कैंसर एक गंभीर बीमारी है, लेकिन यदि इसे समय रहते पहचाना जाए और सही उपचार मिले तो इसे हराया जा सकता है। स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार और नशामुक्ति अपनाकर हम इस खतरे को कम कर सकते हैं। डॉ. श्वेता आर्य कैंसर रोग विशेषज्ञ ने वाल्कथॉन में संदेश दिया कि कैंसर की जांच के प्रति जागरूकता कैंसर के इलाज का सबसे महत्वपूर्ण कदम है।
रैली निकाल कैंसर से बचाव का दिया संदेश-
डॉ. प्रेम कैंसर अस्पताल एवं प्रेम इंस्टीट्यूट आफ मेडिकल साइंसेज, जीटी, रोड बरौली पानीपत के तरफ से विश्व कैंसर दिवस के मौके पर पानीपत शहर में एक जागरूकता रैली निकाली गई जागरूकता रैली का उद्देश्य था कैंसर के लक्षणों को पहचानना और समय रहते उसका इलाज करना। अस्पताल के निदेशक डॉ अभिनव मुटनेजा ने कैंसर से बचाव के बारे में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया है कि हमें अपने रोजमर्रा का जो हमारा लाइफस्टाइल ,जीने का तरीका या दिनचर्या है उसमें परिवर्तन लाने की जरूरत है। नशे की चीजों से दूर रहना ,धूम्रपान तंबाकू का सेवन शराब व गुटखा आदि चीजों से दूर रहना चाहिए। बाहर की तेल मसाले वाली चीज खाने से परहेज करना चाहिए।