पानीपत। नगर निगम हाउस की तीसरी बैठक बुधवार को जिला सचिवालय के द्वितीय तल पर हुई। करीब ढाई घंटे चली बैठक में 30 प्रमुख प्रस्ताव पास किए गए। इनके साथ करीब 150 प्रस्ताव पार्षदों के रहे।
बैठक में पहली बार शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा की तरफ से 10 प्रस्ताव रखे गए। पार्षदों ने इनको एक ध्वनि से पास कर दिए। हाउस में ड्रेन नंबर एक को कवर कर बाईपास रोड बनाने के साथ हाली पार्क झील को विकसित करने के साथ डेयरी शहर से बाहर शिफ्ट करने के प्रस्ताव प्रमुख रहे।
हाउस ने सफाई के मुद्दे पर चिंता जाहिर की और पिछली बैठक के बाद अपेक्षाकृत सुधार न होने की बात कही। निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने जेबीएम कंपनी को 15 जुलाई तक की मोहल्लत दी है। इसके बाद कंपनी के साथ टेंडर रद्द करने की मांग कैबिनेट के पास भेजने और जुर्माना राशि से टिप्पर खरीद कर निगम के स्तर पर सफाई करने का फैसला लिया।
बैठक में वार्ड-4 की निर्दलीय पार्षद अंजली शर्मा नहीं पहुंची। बैठक आधे घंटे की देरी से करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई और दो बजे तक चली। इसकी अध्यक्षता मेयर कोमल सैनी और संचालन निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने किया।
वाटर वर्कर्स में फड़ी मार्केट बनाने के प्रस्ताव पर पार्षद अशोक कटारिया ने कहा कि वे कप्तान नगर की तरफ गेट नहीं खुलने देंगे। बाकी निगम यहां कुछ करें। वहीं बाबरपुर का नाम नानकपुर रखने का प्रस्ताव हाउस में लाया गया। पार्षदों ने इसको एकमत से पास कर दिया।