इसराना। बुआना लाखू के छोरे नवदीप का वर्ष 2024 में होने वाले पेरिस में होने जा रहे पैरा ओलंपिक में चयन हुआ है। नवदीप जेवलिन थ्रो के खिलाड़ी हैं। शनिवार को नवदीप ने कोबे जापान में चल रही विश्व पैरा एथलीट चैंपियनशिप में तीसरा स्थान प्राप्त कर कांस्य पदक जीता है।
नवदीप को कांस्य पदक मिलने से बुआना लाखू में खुशी का माहौल है। ग्रामीण महिलाओं ने नवदीप के घर पहुंचकर उसकी मां मुकेश रानी को बधाई दी। मंगल गीत गाए व लड्डू खिला कर परिजनों का मुंह मीठा कराया। नवदीप के कांस्य पदक जीतने पर पीएम नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी व राज्यसभा सांसद कृष्ण लाल पंवार ने शुभकामनाएं दी है। कांस्य पदक जीतने के साथ बुआना लाखू के नवदीप का पेरिस में पैरा ओलंपिक 2024 खेलों के लिए चयन हो गया है। नवदीप के साथ-साथ उसकी मां मुकेश देवी, पिता दलबीर, भाई मनदीप व ग्रामीणों ने इसके लिए उनके कोच, फिजियो, न्यूट्रिशन , पैरा ओलंपिक ऑफ इंडिया, ओजीक्यू, टीओपीएस व साईं का भी आभार व्यक्त किया। नवदीप ने गांव के साथ-साथ प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है।
वर्ल्ड पैरा एथलेटिक चैंपियनशिप में भारत के लिए कांस्य मेडल जीता है। नवदीप ने लगातार अपने खेल रिकार्ड में सुधार किया है। पैरा एशियन गेम्स 2024 में 40.48 मीटर की दूरी पर भाला फेंका था वहीं टोकियो जापान में पैरा ओलंपिक में 40.80 दूरी पर भाला फेंका था और चौथे स्थान पर रहे थे। स्वदेश लौटने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवदीप को शुभकामनाएं दी थी। शनिवार को पैरा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 42.82 मीटर की दूरी पर भाला फेंक और कांस्य पदक जीतने पर नवदीप का पेरिस में होने जा रहे पैरा ओलंपिक 2024 खेलों के लिए चयन हो गया है।