पानीपत। रिफानरी रोड पर आरके स्कूल के सामने बुधवार को बाइक सवार चाचा-भतीजा को डंपर ने टक्कर मार दी। डंपर के पहिये के नीचे आने से भतीजे की मौत हो गई और चाचा घायल हो गया। चाचा ने बताया कि वह भतीजे को स्कूल छोड़ने जा रहा था, सामने से डंपर ने टक्कर मारी। उन्होंने डंपर चालक के खिलाफ पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को शिकायत दी है।
जीतगढ़ निवासी राजेश कुमार ने बताया कि बुधवार को वह भतीजे सुमित (16) पुत्र सुभाष को बाइक से मॉडल टाउन स्थित गुरु रामदास स्कूल छोड़ने जा रहा था। लग नौवीं का छात्र था। सुबह करीब साढ़े आठ बजे रिफाइनरी रोड पर आरके पब्लिक स्कूल, गोपाल कॉलोनी के सामने वे पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में वह और भतीजा दोनों सड़क पर जा गिरे। वह सड़क के दूसरे किनारे पर गिरा जबकि भतीजा डंपर के पहिये के नीचे आ गया। सिर और छाती से डंपर का पहिया गुजर गया। वह स्थानीय लोगों की मदद से उसे प्रेम अस्पताल लेकर गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। आरोपी डंपर चालक घटना स्थल पर ही गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
बिना पोस्टमार्टम के हो गया संस्कार
मृतक के चाचा ने बताया कि अस्पताल में डॉक्टर ने जैसे ही भतीजे को मृत घोषित किया तो चीख-पुकार मच गई। नासमझी की वजह से बिना पोस्टमार्टम शव का गांव में अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजनों ने देर शाम तक हादसे की सूचना और लिखित शिकायत दी। डंपर को कब्जे में ले लिया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। - इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी