अंबाला। सड़क हादसे में बाइक सवार लखनौरा निवासी गुरविंदर सिंह की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई रिषीपाल की शिकायत पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। रिषीपाल ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करता है। 15 नवंबर को रोजाना की तरह गुरविंदर सिंह अपनी बाइक पर निजी कार्य से शहजादपुर गया था। शाम लगभग सात बजे उन्हें गुरविंदर सिंह सादिकपुर मोड़ पर मिला और फिर वह दोनों अपनी-अपन बाइक पर घर की तरफ चल पड़े। गुरविंदर आगे चल रहा था और वह पीछे। जब गुरविंदर हडबीन गांव की तरफ मुड़ा तभी एक चालक ने उसकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी, इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राइवेट वाहन की मदद से जब गुरविंदर को अस्पताल लेकर गए तो डाॅक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद
नशीले पदार्थ के साथ तस्कर गिरफ्तार
अंबाला। टांगरी बांध के पास हेरोइन की सप्लाई देने आए युवक को सीआईए-2 की टीम ने गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान निशांत बाग करधान निवासी करण उर्फ गुल्लू के तौर पर हुई है। युवक से 12 ग्राम 73 मिलीग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपी के खिलाफ महेशनगर थाने में मामला दर्ज किया गया है। उप निरीक्षक कुशल पाल ने बताया कि वह टीम सहित छावनी में गश्त कर रहे थे, जब वह सुभाष पार्क के चौक पर पहुंचे तो उन्हें मुखबिर ने सूचना दी कि आरोपी आज प्रीत नगर टांगरी बांध की तरफ नशे की सप्लाई देने के लिए आएगा, तभी टीम ने सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। संवाद