पानीपत से बाइक पर गांव दरियापुर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को कार चालक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव दरियापुर निवासी सुनील ने बताया कि वह अपनी एंबुलेंस लेकर मतलौडा की ओर आ रहा था। रास्ते में गांव ऊंटला के पास सामने से आ रही कार ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार दोनों युवक सचिन और विकास जख्मी हो गए और कार चालक फरार हो गया। उसने कार का नंबर नोट कर पुलिस को दिया। राहगीरों ने दोनों घायलों को पानीपत के सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां पर डाक्टरों ने 21 वर्षीय विकास को मृत घोषित कर दिया और घायल सचिन को ज्यादा चोट लगने के कारण पीजीआई रोहतक रैफर कर दिया गया।