भूमिका और लव ने जेईई मेन्स की परीक्षा की टॉप सूची में बनाया स्थान
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। एसडीवीएम स्कूल की छात्रा भूमिका बच्चन ने जेईई मेन्स की परीक्षा अच्छे पर्सेंटाइल के साथ पास की है। भूमिका ने 98.7 पर्सेंटाइल प्राप्त किए हैं। इसी स्कूल के छात्र लव शर्मा ने 98.4 पर्सेंटाइल के साथ परीक्षा उत्तीर्णं की और टॉप सूची में स्थान बनाया।
सेक्टर- 11-12 निवासी भूमिका ने बताया कि वह प्रतिदिन 10 से 11 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। ऑनलाइन कक्षाओं पर ध्यान दिया और समस्याओं को चिह्नित कर उनका हल निकाला। पाठ्यक्रम के रिवीजन पर अधिक ध्यान दिया, जिससे पढ़ा हुआ हमेशा याद रहे। बड़ी बात यह है कि भूमिका ने अपने पहले प्रयास में 98.7 पर्सेंटाइल अंक लेकर परीक्षा पास की है। उनकी बहन समीक्षा का जेईई मेन्स परीक्षा का यह दूसरा प्रयास रहा। पहले प्रयास में भी समीक्षा ने परीक्षा उत्तीर्ण कर ली थी, लेकिन बेहतर रैंक के लिए उन्होंने दोबारा परीक्षा दी। उन्होंने सेल्फ स्टडी पर फोकस किया। 98.4 प्रतिशत अंक लेकर टॉपर सूची में रहे लव शर्मा ने बताया कि उनका मुख्य लक्ष्य जेईई एडवांस को पास करना है। अपनी सफलता के लिए उन्होंने अपने माता-पिता और शिक्षकों को श्रेय दिया। एसडीवीएम स्कूल के चेयरमैन सतीश चंद्रा ने सभी विद्यार्थियों को बधाई दी है।