संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। राजीव कॉलोनी स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के हाल बेहाल हैं। पिछले कई दिनों से केंद्र का वाटर कूलर खराब पड़ा है। जिससे मरीजों को पानी के लिए यहां-वहां भटकना पड़ रहा है। ज्यादातर गर्भवती महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी के मौसम में पीने का पानी न होने के कारण उन्हें घर से या दुकानों से पैसे देकर पानी की बोतल खरीदनी पड़ रही हैं। विभाग द्वारा अब तक समस्या का कोई समाधान नहीं किया गया है।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर गर्भवती महिलाओं का जाना अनिवार्य है नहीं तो उनका अल्ट्रासाउंड नहीं किया जाता है लेकिन पानी की समस्या होने से गर्भवती महिलाओं व अन्य लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। केंद्र पर जांच करवानी पहुंची कॉलोनी की महिला रेखा और बिमला ने बताया कि केंद्र पर पानी की व्यवस्था न होने से उसे पानी पीने के लिए दुकान से पैसे देकर पानी की बोतल खरीदनी पड़ी। यह समस्या पिछले कई दिनों से बनी हुई है। केंद्र प्रभारी डॉ. गीतांशु ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को समस्या के बारे में अवगत करवाया गया है।
शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. रिंकू सांगवान ने बताया कि जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा। केंद्र पर नया वाटर कूलर लगाया जाएगा। ताकि किसी को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।