पानीपत। किला थाना क्षेत्र के कुटानी रोड बदमाशों द्वारा काटे गए एटीएम की चौथे दिन बैंककर्मियों ने जांच की। जांच के बाद पता चला कि वारदात के समय एटीएम में 14,100 रुपये की नकदी मिली। पुलिस ने नकदी अपने कब्जे में ले ली है। उधर, बदमाशों की तलाश के लिए सीआईए-2 की टीम ने कई स्थानों पर दबिश दी। टीम ने बदमाशों की पहचान कर ली। जल्द ही इस पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
बीते सोमवार को थाना किला क्षेत्र में एएसआई नरेंद्र की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। एएसआई का कहना था कि सोमवार रात को करीब एक बजे टीम को सूचना मिली थी कि कुटानी रोड पर बदमाश एसबीआई बैंक के एटीएम से नकदी चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। जब वह मौके पर पहुंचे तो एटीएम बूथ में चार बदमाश थे। पुलिस ने उन्हें पकडऩे का प्रयास किया तो आरोपी पुलिस पर ही हमला कर वहां से भाग गए थे। इस पूरे मामले में एएसआई समेत तीन कर्मचारी जख्मी हुए थे।
इसके बाद पुलिस ने बैंक के अधिकारियों को इसकी सूचना देकर एटीएम की जांच करने को कहा था। जिससे पता चला सके की एटीएम में कितनी नकदी थी नकदी सुरक्षित है या नहीं। घटना के चार दिन बाद बैंक की टीम ने एटीएम की जांच की। एटीएम से 14 हजार 100 रुपये की नकदी मिली है। पुलिस ने नकदी को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, इस मामले की जांच सीआईए-2 को सौंपी गई थी। पुलिस ने चोरों बदमाशों की पहचान कर ली। उनकी तलाश में दबिश दी। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
-किला थाना प्रभारी श्रीनिवास ने बताया कि एटीएम में 14,100 रुपये की नकदी थी। जिसे सुरक्षित बचा लिया गया है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।