पानीपत। हाली कॉलोनी में एक महिला समेत कुछ युवकों ने एक वकील और उसके परिवार पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उनकी कार भी तोड़ दी। इसके अलावा उससे मोबाइल और घर में घुसकर 77 हजार रुपये भी ले गए। किला थाना पुलिस ने शिकायत पर सात को नामजद करते हुए उन पर केस दर्ज कर लिया है।
बबैल रोड स्थित हाली कॉलोनी निवासी कौसर अली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कॉलोनी के ही मोनिश, सुहैल, सुहैल की मां हाजरा, फईम, वसीम व करीम उससे रंजिश रखते हैं। वह हमेशा उसे व उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की साजिश रखते हैं। मंगलवार रात साढ़े नौ बजे वह अपने दोस्त एहसान के साथ कार में सेक्टर 12 जा रहा था। जब वह गैस गोदाम के पास पहुंचते तो रास्ते में एक कार खड़ी थी। कार में मोनिश, वसीम, सुहैल व करीम थे। एहसान ने इन्हें रास्ते से कार हटाने को कहा। यह चारों उनके साथ गाली गलौज करने लगे। वह यहां से चले गए। रात करीबन सवा 10 बजे वह अपने घर वापस जा रहा था तो उसके घर के पास मोनिश, वसीम, सुहैल व करीम हाथ में चाकू व देसी पिस्तौल लेकर खड़े थे। इन्होंने ईंट मारकर उसकी कार का शीशा तोड़ दिया। उसके साथ मारपीट की और उस पर पिस्तौल तान दी। उन्होंने उससे मोबाइल छीन लिया। उसने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस बुलाई। यह आरोपी पुलिस से आने से पहले उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। जब वह घर पहुंचे तो उसके परिवार के सदस्य सहमे हुए थे। उन्होंने उनसे पूछा तो उन्होंने बताया कि मोनिश, सुहैल, सुहैल की मां हाजरा, फईम, वसीम व करीम व पांच छह युवक घर में घुस आए थे। उन्होंने उसके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की और घर से 77 हजार रुपये ले गए। उसकी पत्नी व उसके बच्चों ने कमरे में खुद को बंद कर अपनी जान बचाई। उसने अपने पिता को इस वारदात के बारे में बताया। उसके पिता ने उसको जिला नागरिक अस्पताल में ले गए।