इसराना। बदमाशों ने पुलिस सुरक्षा को धत्ता बताते हुए मुख्य बाजार में एक एटीएम और एक बैंक के स्ट्रांग रूम को लूटने का प्रयास किया। एक की रात को लूट के प्रयास की दो वारदात ने पुलिस सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
बैंक और एटीएम में लूट के प्रयास का मामला सामने आने पर बैंक और पुलिस अधिकारियों की सांसे अटकीं हैं। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
इसराना पुलिस की सुरक्षा के दावे के बीच बदमाशों ने बीती रात को एक नहीं लूट के प्रयास की दो घटनाएं हुईं। लुटेरों ने एक बैंक के एटीएम और दूसरे बैंक को लूटने का प्रयास किया। बदमाश कैश लूट में सफल नहीं होने पर एटीएम का सीसीटीवी तोड़ गए और सहकारी बैंक के सीसीटीवी का रिकॉर्डर ले गए।
मंगलवार सुबह बैंककर्मियों के पहुंचने पर मामले से पर्दा उठा। इसके बाद बैंक अधिकारियों की सांसे फूल गईं और मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और मामले का जल्द ही खुलासा करने का दावा किया।
पैसे नहीं निकले तो मशीन तोड़ी
इसराना के मेन रोड स्थित ओबीसी बैंक के एटीएम में लूट का प्रयास किया। लुटेराें ने गैस कटर की मदद से एटीएम मशीन को काटने का प्रयास किया। वे काफी देर तक लूट के प्रयास में लगे रहे। लेकिन सफल नहीं हो सके। लुटेरों ने मशीन को बुरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया और सीसीटीवी को भी डैमेज कर दिया। एटीएम रूम में टूटी बोतल और कांच बिखरा था। इसका खुलासा मंगलवार सुबह लोगों के पहुंचने पर लगा।
बैंक का स्ट्रांग रूम काटने की कोशिश
बदमाशों ने दूसरी वारदात इसराना की अमर मंडी में दी। यहां केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा का पिछला शटर उखाड़कर अंदर घुस गए और दरवाजों के ताले तोड़कर स्ट्रांग रूम तक पहुंच गए। उन्होंने स्ट्रांग रूम को काटने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके। वे बैंक में लगा सीसीटीवी के रिकार्डर की केबल काटकर रिकार्डर मशीन ही उठा ले गए।
लापरवाही से भाग निकले बदमाश
पुलिस की लापरवाही से एक बार फिर लूट के प्रयास के आरोपी बच निकले। लोगों का कहना है कि बैंक के साथ गली में बदमाश जलता गैस सिलेंडर छोड़कर चले गए।
लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिसकर्मी सूचना मिलने पर वहां पहुंचे। लेकिन पूरे मामले को समझने के बजाय सिलेंडर की आग बुझाकर उसे साथ ले गए। लोगों का कहना है कि पुलिस गंभीर होती तो बदमाशों को उसी समय पकड़ा जा सकता था।
एटीएम काटने का दूसरा प्रयास
इसराना में बैंक एटीएम काटने के प्रयास का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी इसी एटीएम को काटने का प्रयास किया जा चुका है। बदमाशों ने पिछले साल 17-18 दिसंबर की रात को एटीएम काटने के प्रयास किया था। एक साल बीतने पर भी घटना को अंजाम देने वालों का सुराग तक नहीं लग पाया।
नहीं लिया सबक
इसराना के मेन रोड पर ओबीसी बैंक भवन में बने एटीएम को गत वर्ष हुए चोरों ने काटने के प्रयास के बावजूद एटीएम रूम पर कोई सुरक्षा गार्ड नहीं रखा गया। बैंक शाखा प्रबंधक का कहना है कि सुरक्षा गार्ड की तैनाती के लिए मुख्यालय का लिखा है।
ये कहते हैं बैंक अधिकारी
ओबीसी बैंक के शाखा प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने बताया कि उसको एटीएम काटने के प्रयास की सूचना मंगलवार सुबह मिली। घटना की सूचना पुलिस का दे दी है। बैंक ने भी मामले की छानबीन के लिए विशेषज्ञों को बुलाया है। एटीएम पर गार्ड की तैनाती के लिए मुख्यालय को लिखा है।
पानीपत केंद्रीय सहकारी बैंक इसराना की शाखा प्रबंधक हरपाल सिंह का कहना है कि बैंक में पिछले दो शटर उखाड़कर अंदर के ताले तोड़ दिए। बदमाशों ने स्ट्रांग रूम को काटने का प्रयास किया। चोर बैंक से सीसीटीवी की रिकार्डर मशीन भी ले गए। घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। स्ट्रांग रूम की छानबीन के लिए विशेषज्ञों को बुलाया है।