यमुना नदी के अंदर जेसीबी मशीन से तस्करों से मिलीभगत कर रेत तस्करी करा रहे माइनिंग एएसआई सहित पांच रेत तस्करों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस ने एएसआई की कार, एक जेसीबी मशीन और तीन डंपरों को मौके से पकड़ा है। रेत तस्करों ने पहले तो एसएचओ की पुलिस पार्टी टीम पर धावा बोला दिया और पुलिस को भगाने का प्रयास किया। तस्करों ने पुलिस एसएचओ की जिप्सी पर पत्थर भी मारे।
जानकारी के अनुसार रात को करीब 12 बजे एसएचओ थाना सदर दीपक कुमार, सनौली चौकी प्रभारी अत्तर सिंह पुलिस टीम को सुचना मिली कि यमुना नदी के अंदर राणा माजरा में पूर्व पुलिस माइनिंग टीम में एएसआई रहे सेटन पाल रेत तस्करों के साथ मिलकर रेत तस्करी कर रहे हैं। एसएचओ थाना सदर दीपक कुमार पुलिस और सनौली चौकी प्रभारी अत्तर सिंह पुलिस टीम के साथ गांव राणा माजरा में यमुना नदी के अंदर वाहनों की लाइट बंद कर वहां पहुंचे।
तस्करों के पास पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि एक जेसीबी मशीन से रेत तस्कर तीन डंपरों को भर रहे हैं, इनके साथ एएसआई सेटन पाल भी अपनी कार में खड़ा था और तस्करों का साथ दे रहा था। एसएचओ जब जेसीबी मशीन और तीन डंपरों को पकड़ने लगे तो रेत तस्करों का साथ दे रहे एएसआई सेटन पाल ने एसएचओ दीपक कुमार को इन सभी वाहानों को छोड़ने के लिए कहा। एसएचओ ने तस्करों को छोड़ने से मना कर दिया। इसके बाद एसएचओ दीपक कुमार और एएसआई सेटन पाल में जमकर बहस हुई।
जिप्सी पर बरसाए पत्थर, तोड़े शीशे
एसएचओ दीपक कुमार रेत तस्करों के वाहनों को काबू करने लगे तो तस्करों ने एचएसओ दीपक कुमार की जिप्सी पर धावा बोल दिया और पत्थर बरसाए। इससे जिप्सी का शीशा टूट गए। तस्करों का साथ दे रहे एएसआई सेटन पाल पुलिस और तस्करों में भिड़ंत होने पर वहां से अपनी कार को लेकर भागने लगा। एसएचओ पकड़ने दौड़े तो उसकी कार कुछ दूरी पर जाते ही रेत में धंस गई ।
एसएचओ ने रेत तस्करी की सूचना एसपी राहुल शर्मा को दी। एसपी ने मौके पर डीएसपी देसराज सहित भारी पुलिस बल भेज दिया। मौके पर भारी पुलिस बल देख सभी तस्कर अंधेरे का फायदा उठा कर जेसीबी मशीन और डंपरों को छोड़कर मौके से भाग निकले।
तस्करों के कब्जे से एक जेसीबी मशीन, तीन डंपर और एएसआई सेटन पाल की कार को काबू कर लिया और बिल्लू गांव राणा माजरा, असजद और फन्ना गांव राणा माजरा और गांव बढ़ी बैसक निवासी मुकरिम सहित रेत तस्करों का साथ दे रहे एएसआई सेटनपाल के खिलाफ सिपाही अरसद के बयान पर मामला दर्ज किया गया।
दो दिन पहले ही रोहतक हुआ था तबादला
यमुना नदी के अंदर राणा माजरा के अंदर रात को रेत तस्करों से मिलीभगत कर रेत तस्करी कर रहे एएसआई सेटन पाल का दो दिन पहले ही पुलिस माइनिंग की टीम से रोहतक तबादला किया गया था। विभाग ने इसके लिए रिलीविंग ऑर्डर भी जारी कर दिए थे। एएसआई सेटन पाल की पहले भी कई बार रेत तस्करी की शिकायत मिल चुकी थी।
रात को नदी के अंदर रेत तस्करी कर रहे रेत तस्करों और एएसआई सेटन पाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रेत तस्करों द्वारा पुलिस पार्टी पर हमला करने और एएसआई द्वारा रेत तस्करों का साथ देने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
दीपक कुमार, एसएचओ, थाना सदर।