माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के पुलिस के दावे धरातल पर कमजोर नजर आए। एसपी मेधा भूषण के निरीक्षण के दौरान बाजारों में पुलिसकर्मी और कमांडो मुस्तैद दिखे, लेकिन उनके जाते ही गुड़मंडी में ई-रिक्शा घुसा और जाम लग गया। जीटी रोड से शहर पार कर तंग गलियों के रास्ते ई-रिक्शा भीड़भाड़ वाले बाजार तक पहुंचा। इससे खरीदारी के दौरान लोगों को परेशानी हुई।
शहर के 36 प्रमुख बाजारों को वन-वे और नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है। एसपी शाम करीब पौने छह बजे इंसार बाजार के लालबत्ती चौक पहुंचीं। संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान गौरव लिखा और सुनील भराड़ा ने स्वागत किया। एसपी ने लालबत्ती चौक से सलारजंग गेट तक पैदल निरीक्षण किया और दुकानदारों से बातचीत कर व्यवस्था का जायजा लिया।
सुरक्षा के लिए 28 नाके कमांडो भी किए तैनात : एसपी मेधा भूषण ने बताया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा के लिए जिले में 28 विशेष नाके लगाए गए हैं। प्रमुख प्रवेश मार्गों और बाजारों में पुलिसकर्मियों के साथ कमांडो और सिविल ड्रेस में भी जवान तैनात हैं। उन्होंने दुकानदारों से व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
गुड़मंडी में बेपटरी रही वन-वे व्यवस्था
एसपी के निरीक्षण के दौरान पुलिस बल मुस्तैद नजर आया, लेकिन दिन के समय कई नाकों पर पुलिसकर्मी नहीं मिले। गुड़मंडी में वन-वे व्यवस्था भी बेपटरी रही। कलंदर चौक से अमर भवन चौक तक ई-रिक्शा दोनों तरफ से बेरोकटोक आते-जाते रहे। बीच बाजार में ई-रिक्शा के आमने-सामने आने से जाम लगा, जिससे लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।