पानीपत। मॉडल टाउन के साथ लगते विराट नगर के एक युवक के साथ शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 47.75 लाख की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने उनको सोशल मीडिया पर शेयर बाजार में रुपया लगाने व ट्रेनिंग देने का विज्ञापन भेजा था। विज्ञापन को लाइक करते ही ठगों ने उनको अपने जान में फंसाना शुरू कर दिया, उनसे धीरे-धीरे 47.76 लाख की ठगी कर ली। इस साल अब तक पांच लोगों के साथ ठगी के मामले सामने आ चुके हैं, वहीं पिछले साल 117 मामले ठगी के आ चुके हैं। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
विराट नगर के प्रदीप ठाकुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर शेयर बाजार में रुपया लगाने और ट्रेनिंग देने से संबंधित एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में निवेश पर मुनाफे की सौ प्रतिशत गारंटी दी थी। उन्होंने पोस्ट को लाइक कर दिया, इसके तुरंत बाद उनके मोबाइल नंबर को वर्मा क्लब ट्रेनिंग ग्रुप नाम के एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया। इस ग्रुप में हर रोज निवेश और मुनाफे के स्क्रीनशॉट और जानकारी साझा की जाती थी, इनको देखकर उनके मन में भी रुपये कमाने की इच्छा तेज हो गई।
लिंक पर कराया निवेश
प्रदीप ने बताया कि उनको 25 नवंबर 2025 को एक लिंक भेजा, उनको इस पर अकाउंट बनाकर निवेश करने की बात कही गई, उनसे शुरुआत में छोटी राशि लगवाई। उन्होंने 24 और 25 नवंबर को 50-50 हजार रुपये बैंक खातों में ट्रांसफर किए। उनको मुनाफे के बारे में बताकर अलग-अलग समय में करीब 47.76 लाख रुपये निवेश करा दिए। डेशबोर्ड पर मुनाफा दिखने लगा। वे उनकी बातों में पूरी तरह से आ गए थे। उन्होंने दो से 12 दिसंबर तक अलग-अलग समय में ट्रांजेक्शन की। दो से चार दिसंबर को सात लाख, पांच दिसंबर को 10 लाख, आठ को 10 लाख व 11 और 12 दिसंबर को करीब 18 लाख रुपये लगाए। उन्होंने विभिन्न बैंक खातों में 47.76 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने अपना रुपया निकालने का प्रयास किया तो उनसे और रुपयों की मांग की।
विराट नगर के प्रदीप ठाकुर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 47.76 लाख रुपये की ठगी करने की शिकायत मिली है, इसमें विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। बैंक खातों की पुलिस जांच कर रही है।
- अजय कुमार, प्रभारी, साइबर क्राइम थाना।