पानीपत। स्पेशल पुलिस ऑफिसर ने सनौली रोड पर हैदराबादी अस्पताल के पास एक युवक को एटीएम से चोरी का प्रयास करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुलिस ने युवक पर केस दर्ज कर उसके गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
स्पेशल पुलिस ऑफिसर राकेश ने बताया कि वो पीसीआर पर चालक है। वह शुक्रवार रात अपनी टीम के साथ सनौली रोड पर गश्त कर रहा था तभी सूचना मिली थी कि हैदराबादी अस्पताल के पास एक युवक एटीएम में चोरी करने का प्रयास कर रहा है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। यहां एटीएम की लाइट अंदर से बंद थी। वह एटीएम में घुसे तो एक युवक मशीन तोड़कर चोरी का प्रयास कर रहा था। उन्होंने उसे हिरासत में लिया। उसकी पहचान परमहंस कुटिया निवासी नकुल उर्फ कर्ण पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई।