पानीपत। खेल एवं युवा कार्यक्रम विभाग की ओर से खेल नर्सरियों के संचालन के लिए आवेदन मांगे गए हैं। इच्छुक सरकारी और निजी संस्थान अपने खेल मैदानों में नर्सरियां खोलने के लिए खेल संस्थाओं के मुखिया एवं प्रधानाचार्य विभागीय वेबसाइट पर आवेदन पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। फिर आवेदन पत्र भरकर 20 जनवरी तक जिला खेल कार्यालय में जमा करवा सकते हैं।
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप पालीवाल ने बताया कि नर्सरी लेने के लिए स्कूल में कम से कम सेकेंडरी स्तर की शैक्षिणिक सुविधा होनी अनिवार्य है। खेल मैदान, खेल उपकरण और खिलाड़ियों की खेल उपलब्धियों के अनुसार आवेदन किया जा सकता है। चयनित 25 विद्यार्थियों की पढ़ाई का प्रबंध संबंधित शिक्षण संस्थाओं को निशुल्क देना होगा। खेल नर्सरी केवल उन्हीं खेलों की दी जाएगी, जो ओलंपिक, एशियन या कॉमनवेल्थ खेलों में शामिल हैं।
परीक्षा की जाएगी आयोजित
जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी की निगरानी में खेल नर्सरी में 8 से 19 आयुवर्ग के खिलाड़ियों के चयन के लिए खेल और शारीरिक योग्यता परीक्षा आयोजित करेगा। प्रत्येक खेल नर्सरी में न्यून्तम 20 और अधिकतम 25 खिलाड़ी होंगे। इसके साथ ही प्रतीक्षा सूची में 5 खिलाड़ी रखे जाएंगे। 20 से कम खिलाड़ी होने पर नर्सरी को बंद कर दिया जाएगा।
महीने में एक से अधिक छुट्टी पर कटेगा प्रशिक्षक का वेतन
नर्सरी में रखा गया प्रशिक्षक अगर महीने में एक से अधिक छुट्टी लेगा तो वेतन कटेगा। 10 दिन से अधिक छुट्टी करने पर पूरे महीने का वेतन कट जाएगा। खेल नर्सरी का समय सुबह 5:30 से 9 बजे और दोपहर तीन से रात आठ बजे तक होगा। इसी दौरान प्रशिक्षण देना होगा।