पानीपत। जीटी रोड पर एएनपीआर (ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरा लगाए जाएंगे। ये कैमरा एक हाईटेक कैमरा सिस्टम है जो ऑप्टिकल कैरेक्टर रिकॉग्निशन (ओसीआर) तकनीक का उपयोग कर वाहनों की नंबर प्लेट को स्वचालित रूप से स्कैन और पढ़ता है। साथ ही उनको डिजिटल डेटा में बदल देता है।
इससे कानून प्रवर्तन, टोल संग्रह और ट्रैफिक प्रबंधन में मदद मिलेगी। इनमें चोरी की गाड़ी या प्रदूषण फैलाने वाली पुरानी गाड़ी का आसानी से पता चल सकेगा। नगर निगम ने इनके शहर के हिस्से में 12 कैमरे लगाने के लिए करीब 20.55 लाख रुपये का टेंडर लगाया है।
शहर में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरे लगाना प्रस्तावित हैं। इनको अब तक नहीं लगाया जा सका है। अब शहर में एएनपीआर कैमरा लगाए जाएंगे। इसकी शुरुआत जीटी रोड से की जाएगी। नगर निगम ने 12 एएनपीआर कैमरे लगाने का फैसला लिया है। इसके लिए 20.55 लाख रुपये का टेंडर लगाया है। यह टेंडर 17 दिसंबर को खोला जाएगा। नगर निगम इसके बाद फर्क को वर्क ऑर्डर देगा।
पहले चरण में छह कैमरा, बाकी छह कैमरा दूसरे चरण में लगाए जाएंगे। नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम जीटी रोड का मौका देखेगी और दोनों के अधिकारी बैठकर जगह तय करेंगे। फिलहाल जीटी रोड के नांगल खेड़ी, सेक्टर-25 मोड़, टोल प्लाजा, बरसत रोड के सामने मुख्य बिंद रहेंगे।