पानीपत। खस्ताहाल गंगापुरी रोड की मरम्मत करवाने को लेकर एक बार फिर से शहरवासियों का निगम के खिलाफ गुस्सा फूट गया है। विरोध स्वरूप लोगों ने मुंह पर काली पट्टी बांध कर निगम दफ्तर के सामने सांकेतिक धरने की शुरुआत कर दी है। शहरवासियों ने साथ में तख्ती लेकर निगम के खिलाफ नारेबाजी भी की। इसके साथ निगम को चेतावनी दी है कि आगामी मंगलवार तक गंगापुरी रोड पर पैचवर्क का काम नहीं हुआ तो इसके बाद अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन की शुरुआत हो जाएगी।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्होंने पिछले शुक्रवार को निगम अधिकारियों को ज्ञापन सौंप रोड की रिपेयरिंग की मांग की थी। जिसमें एक सप्ताह का अल्टीमेटम दिया गया था। इस शुक्रवार तक काम नहीं हुआ तो वे विरोध पर उतर आए हैं। उनकी मांग है कि दशहरे से पहले शहर में हनुमान स्वरूपों की टोलियों में यात्राएं निकलती हैं। ऐसे में शहर की खस्ताहाल सड़कों में से गंगापुरी रोड पर फिर से हनुमान स्वरूपों को नंगे पैर निकलना होगा। जिससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंचेगी। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि विशेष तौर पर शहर के बीचों बीच सनौली रोड से लेकर गंगापुरी रोड होते हुए सेक्टर 11-12 तक सडक के हालात सबसे खस्ता हैं। यहां उखड़ी सड़क पर सिर्फ पत्थर और गड्ढे हैं। भाजपा नेता हिमांशु शर्मा, अनिल शर्मा, हन्नी डावर, अमित गुलाटी, गौरव मदान, आयुष कपूर, सुनील चावला, हरीश सलूजा, हर्षित, विशु गोयल और पंकज ने कहा कि पिछले पांच साल से गंगापुरी रोड के हालात खस्ता हैं। ये मेन रोड सनौली रोड को सेक्टर 11-12 से जोड़ता है। पुराने शहर के ज्यादातर हनुमान स्वरूप हर साल नंगे पैर इसे रास्ते से होकर गुजरते हैं। जिसे आज तक सही नहीं करवाया गया है। इसका पैच वर्क करवाने के काम को निगम फिजूल खर्ची बताते हैं, जबकि निगम ने सभी वार्डों में करोड़ों रुपये के फिजूल खर्च किए हैं। इस काम पर केवल दो से तीन लाख का ही खर्च आता।
निगम एक्सईएन प्रदीप कल्याण का कहना है कि इस रोड को नया आरसीसी से बनवाने के लिए 96 लाख रुपये का टेंडर लगा दिया है। इसके अलावा 22 लाख रुपये से सीवर लाइन भी बिछाई जाएगी। सीवर लाइन बिछाने के बाद सड़क बनेगी। सीवर लाइन का काम टेंडर खुलने की प्रक्रिया में है।