पानीपत। विदेश में बैठकर रंगदारी और दहशत का धंधा चला रहे बदमाशों पर अब पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। अभेद्य मोबाइल एप के माध्यम से विदेशों से आने वाली संदिग्ध कॉल को ट्रेस किया जाएगा। यही नहीं जिस मोबाइल फोन में एप इंस्टाल होगा उसमें संदिग्ध नंबर से कॉल आते ही अलर्ट किया जाएगा। साथ ही पुलिस भी बैकहैंड पर इसकी जांच करेगी। एप को मोबाइल फोन में इंस्टॉल करने के लिए पुलिस कार्यालय से एक्सेस लेना होगा।
हरियाणा के गैंगस्टर विदेश में बैठकर लोगों में दहशत फैलाकर रंगदारी वसूले का धंधा चला रहे है। जिसे देखते हुए हरियाणा पुलिस ने मोबाइल एप लांच किया है। एसपी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अपराधी इंटरनेट आधारित कॉलिंग, फर्जी नंबरों और डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल कर लोगों को डराने और ठगी करने का प्रयास कर रहे हैं, ऐसे में यह एप नागरिकों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित होगा। यह देश में अपनी तरह का पहला मोबाइल आधारित सुरक्षा प्लेटफार्म है, जो नागरिकों को संदिग्ध कॉल्स, धमकी भरे संदेशों, स्टॉकिंग और डिजिटल उत्पीड़न से बचाने में सक्षम होगा। एप एंड्रॉयड एवं एप्पल दोनों प्लेटफार्म पर उपलब्ध है। इस एप को डाउनलोड करने के लिए इच्छुक व्यक्ति को संबंधित जिले के पुलिस अधीक्षक से संपर्क करना होगा, जिसके बाद उसे अधिकृत एक्सेस प्रदान किया जाएगा।
ऐसे करेगा काम
अभेद्य मोबाइल एप अज्ञात और संदिग्ध नंबरों से आने वाली कॉल्स और संदेशों की पहचान कर उन्हें रोक देता है। यह विशेष रूप से अंतरराष्ट्रीय, वर्चुअल और अनसेव्ड नंबरों की निगरानी करता है। यह एप संदिग्ध चैट, वॉयस मैसेज, नोटिफिकेशन और वॉयस नोट को भी डिवाइस से हटा देता है, जिससे उपयोगकर्ता किसी भी प्रकार के मानसिक दबाव या भय से सुरक्षित रह सके। इतना ही नहीं, विदेशों से आने वाली संदिग्ध कॉल्स पर भी नजर जाएगी। पुलिस द्वारा बैकहैंड से ट्रेस किया जाएगा।
आमजन को मिलेगा फायदा
एप नागरिकों को धमकी भरे कॉल्स, रंगदारी के प्रयास और साइबर अपराध से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे उनकी पहचान एवं ट्रैकिंग कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए अधिक आसान हो सकेगी।