पानीपत। प्रदेश के 241 पीएम श्री स्कूलों के वार्षिक दिवस पर सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल आदि गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस गतिविधि के अंतर्गत कक्षा छठी से 12वीं तक के छात्रों को शामिल किया जाएगा। प्रत्येक कार्यक्रम के विजेताओं को पुरस्कार दिए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने पीएमश्री स्कूलों के लिए 84 लाख 35 हजार की राशि स्वीकृत की है। इसमें प्रत्येक पीएमश्री स्कूल को 35 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। जिले के 11 स्कूलों के लिए 385000 रुपये की वित्तीय राशि मंजूर की गई है। परिषद की ओर से प्रदेश के सभी एडीसी-सह- समग्र शिक्षा अध्यक्ष, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना समन्वयक को शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के दौरान प्रदेश के 241 पीएमश्री स्कूलों में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और वार्षिक दिवस मनाने के संबंध में प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति देने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देशानुसार कार्यक्रम 10 फरवरी से पहले या परीक्षाओं के बाद लेकिन 31 मार्च से पहले आयोजित किया जाना चाहिए।
परिषद द्वारा जारी पत्र के अनुसार पीएबी ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए हरियाणा के 241 पीएमश्री स्कूलों में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और वार्षिक दिवस के उत्सव के माध्यम से प्रोजेक्ट इनोवेशन कार्यक्रम के कार्यान्वयन के लिए 84,35,000 रुपये की धनराशि को मंजूरी दी है। स्कूल के वार्षिक दिवस का उत्सव स्कूल प्रबंधन के लिए खेल, सांस्कृतिक, शैक्षणिक, सह-शैक्षणिक क्षेत्रों आदि से संबंधित उपलब्धियों और गतिविधियों को प्रदर्शित करने और स्थानीय समुदाय के साथ-साथ अभिभावकों से जुड़ने का अवसर होता है। यह छात्रों को प्रबंधन सीखने और उनके शौक और प्रतिभाओं के अनुसार विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने का अवसर भी प्रदान करता है। इसके अलावा, खेल और सांस्कृतिक गतिविधियां छात्रों को समावेशी और आनंदमय वातावरण प्रदान करती हैं और उन्हें अपनी प्रतिभाओं को विकसित करने में मदद करती हैं। यह बच्चों की विभिन्न शैक्षणिक क्षमताओं में भी सुधार करता है और उन्हें एनईपी-2020 के दृष्टिकोण के अनुसार अपनी स्वयं की सीखने की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदार बनाता है। इसलिए प्रदेश के सभी 241 पीएमश्री स्कूलों को अपने स्कूलों में सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल और वार्षिक दिवस मनाने की अनुमति दी गई है।
बॉक्स
खेल प्रतियोगिताएं- इनमें एथलेटिक्स स्पर्धाएं 100 मीटर दौड़, 200 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़, रिले रेस (4x100), लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो और टीम स्पर्धाएं जैसे खो-खो और कबड्डी आदि शामिल होंगे।
सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं- लोक नृत्य (समूह एवं एकल), रागनी, देशभक्ति गीत, कविता पाठ, संगीत प्रदर्शन, गायन मंडली, वाद्य प्रदर्शन, गायन (समूह एवं एकल) प्रदर्शन आदि।
वार्षिक दिवस समारोह की गतिविधियां- इसमें स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करना, स्कूल की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी, किसी राष्ट्रीय स्तर के समारोह में छात्रों व शिक्षकों की भागीदारी पर प्रकाश डालना, पुरस्कार वितरण, छात्रों की प्रतियोगिताओं का प्रदर्शन, योग प्रदर्शन, नैतिक शिक्षा आदि।
कार्यक्रम के लिए किया बजट का विभाजन
पीएमश्री स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए स्कूल स्तरीय कार्यक्रम के लिए बजट का विभाजन किया गया है। इसके तहत प्रत्यक स्कूल में खेल के मैदानों का रखरखाव के लिए 2000 रुपये, मंच सजावट, ध्वनि प्रणाली, टेंटेज आदि के लिए 5000 रुपये, 250 प्रतिभागियों के लिए जलपान हेतु 10000 रुपये, प्रमाण-पत्र व पुरस्कार के लिए 15000 रुपये तथा विविध व्यय के रूप में 3000 रुपये का कुल 35000 रुपये का बजट आवंटन किया गया है।
समारोह के लिए जिलावार धनराशि का आवंटन
जिले का नाम पीएमश्री स्कूल राशि
अंबाला 11 3,85,000
भिवानी 14 4,90,000
चरखी दादरी 03 1,05,000
फरीदाबाद 05 1,75,000
फतेहाबाद 14 4,90,000
गुरुग्राम 08 2,80,000
हिसार 18 6,30,000
झज्जर 07 2,45,000
जींद 15 5,25,000
कैथल 14 4,90,000
करनाल 18 6,30,000
कुरूक्षेत्र 12 4,20,000
महेंद्रगढ़ 10 3,50,000
नूह 13 4,55,000
पलवल 11 3,85,000
पंचकुला 05 1,75,000
पानीपत 11 3,85,000
रेवाड़ी 09 3,15,000
रोहतक 06 2,10,000
सिरसा 14 4,90,000
सोनीपत 09 3,15,000
यमुनानगर 14 4,90,000
कुल 241 84,35,000
वर्जन-
प्रदेश के 241 पीएमश्री स्कूलों के वार्षिक दिवस पर सांस्कृतिक, शैक्षणिक, खेल आदि गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने 84 लाख 35 हजार की राशि स्वीकृत की है। इसमें प्रत्येक पीएमश्री स्कूल को 35 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। जिले के 11 स्कूलों के लिए 385000 रुपये की वित्तीय राशि मंजूर की गई है।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।