समालखा। हरियाणा बिजली निगम रोहतक से आए निगम के चीफ इंजीनियर पलविंदर सिंह ने उद्यमी के ऊपर 86 लाख रुपये का बिल जमा कराने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर उद्यमी के बिल की गहनता से जांच के बाद इस मामले को बंद कर दिया है।
कार्यकारी अभियंता एमएस धीमान ने बताया कि बिजली निगम ने पहले उद्यमी से बिजली खपत के हिसाब से 44 लाख रुपये का बिल जमा कराने को कहा था। जो अब ब्याज सहित 86 लाख रुपये हो गए हैं। उद्यमी से 42 लाख रुपये और जमा कराए जाएंगे । विदित है कि जौरासी रोड के श्याम कोर्टेक्स स्पिनिंग के मालिक ने वर्ष 2016 में फैक्ट्री के लिए निगम से 500 किलोवाट का बिजली कनेक्शन लिया था। आरोप है कि उद्यमी ने करीब चार वर्ष तक फैक्ट्री चलाने के बाद उसे बंद कर दिया। निगम के 45 लाख रुपये बिजली बिल का भुगतान नहीं किया। समालखा की फैक्ट्री को बंद करके इसराना में परिवार के दूसरे सदस्य के नाम से फैक्ट्री चला और निगम को गुमराह कर वहां भी बिजली कनेक्शन ले लिया।निगम अधिकारी ने उद्यमी के इसराना बिजली खाते में उक्त रकम डाल दी। जिसकी उद्यमी ने बिल में गड़बड़ी की एमडी से शिकायत की थी। एमडी ने चीफ इंजीनियर को उसकी जांच सौंपी। कोर्ट ने भी उद्यमी को कोई राहत नहीं दी, उल्टे उद्यमी पर पांच लाख का जुर्माना लगा दिया।