लालबत्ती के पास बोतलनुमा बने हाईवे पर ट्रैफिक जाम से मिलेगी निजात
-नगर निगम ने 300 दिनों में निर्माण पूरा करने का रखा लक्ष्य
-आधुनिक स्ट्रीट लाइट और पक्के नालों से सुगम व सुरक्षित होगा सफर, आरसीसी बैरियर से रोकी जाएगी दुर्घटनाएं
जगमहेंद्र सरोहा
पानीपत। शहर में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 (एनएच-44) पर यातायात को सुगम बनाने और जाम की समस्या से बड़ी राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने एक अहम कदम उठाया है। निगम प्रशासन ने फ्लाईओवर के नीचे अतिरिक्त दो लेन की सड़क बनाने के साथ सड़क किनारे नाले और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था करेगा। इसके लिए लगभग 1.39 करोड़ रुपये का लगाया है।
जीटी रोड लालबत्ती चौक के दोनों तरफ सड़क बोतल की गर्दन की तरह तंग है। ऐसे में यहां जाम की समस्या बनी रहती है। अब जीटी रोड चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। लालबत्ती चौक पर सड़क के लिए जगह नहीं है। ऐसे में एलिवेटेड हाईवे के नीचे सड़क बनाने की परियोजना तैयार की है। इसके तहत एनएच-44 के फ्लाईओवर के नीचे अतिरिक्त टू-लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। इससे विशेषकर लालबत्ती के पास बोतलनुमा (संकरे) बने हाईवे के हिस्से पर लगने वाले लंबे जाम से निजात मिल सकेगी।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के तहत सड़क के दोनों किनारों पर मजबूत आरसीसी बैरियर लगाए जाएंगे, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। इसके अलावा बारिश के पानी की सुचारु निकासी के लिए सड़क के किनारे पक्के नाले और रात्रि के समय वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता प्रदान करने के लिए आधुनिक स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था भी की जाएगी।
इस ई-टेंडर को जमा कराने की अंतिम तिथि 29 अक्तूबर निर्धारित की गई है, जिसके उपरांत तकनीकी दस्तावेज और वित्तीय बोलियों को खोला जाएगा। कार्यकारी अभियंता गोपाल कलावत ने बताया कि सिविल वर्क को पूरा करने के लिए 300 दिनों की समय-सीमा तय की गई है। इस परियोजना के धरातल पर उतरने से स्थानीय वाहन चालकों के साथ-साथ एनएच-44 से गुजरने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और लंबी दूरी के चालकों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
5