सिविल अस्पताल में बुधवार को मरीजों ने जमकर हंगामा किया। डॉक्टरों व सिक्योरिटी गार्ड पर बदतमीजी करने व धक्का मुक्की करने के आरोप लगाए। गुस्साए मरीज पीएमओ डॉ. संजीव ग्रोवर के पास पहुंच गए। डॉ. ग्रोवर को पीड़ितों ने लिखित में शिकायत दी है। पीएमओ ने डिप्टी एमएस को मामले की जांच सौंपी है।
सिविल अस्पताल में आए संदीप व अमित मलिक ने बताया कि वे अपनी पत्नी के इलाज के लिए सिविल अस्पताल में आए थे। उनकी पत्नी के गले में दर्द है। वे सुबह साढ़े 11 बजे अस्पताल में पहुंच गए। यहां ईएनटी स्पेशलिस्ट डॉ. शिवाजंलि मरीजों की जांच कर रही थी। उनका आरोप है कि डॉक्टर ने उनका इलाज करने से इनकार कर दिया और बदतमीजी करते हुए कार्यालय से बाहर निकलने को कहा। सिक्योरिटी गार्ड ने भी उनके साथ धक्का मुक्की की। उन्होंने इसकी शिकायत पीएमओ डॉ. संजीव ग्रोवर को दी है। बाद में डॉ. ग्रोवर ने ही उनकी पत्नी का इलाज दिया। इस बारे में पीएमओ डॉ. संजीव ग्रोवर का कहना है कि उनको लिखित शिकायत मिल गई है। वो मामले की जांच कराएंगे। जांच में जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।