पानीपत। जीटी रोड नांगलखेड़ी गांव के पास एक महिला से छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास में सोनीपत निवासी सेना के एक जवान समेत तीन आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एक महिला ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को शिकायत में बताया था कि शहर की एक कॉलोनी में रहती है। वह वीरवार रात को फैक्ट्री से छुट्टी के बाद कमरे पर लौट रही थी। वह जीटी रोड पर नांगलखेड़ी कट के पास पहुंची। एक फाॅर्च्यूनर गाड़ी से बाहर तीन युवक खड़े मिले। उनमें से एक युवक ने उसका रास्ता रोका और उसके बारे में पूछने लगा।
वह कुछ नहीं बोली। तभी एक युवक ने गर्दन पकड़ ली और गाड़ी में डाल लिया। उसने शोर मचाया तो लोगों को एकत्र होते देख आरोपियों ने भागने का प्रयास किया। थाना सेक्टर-29 प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों राॅकी सोनीपत, प्रवीन व सुनील करनाल को शुक्रवार देर रात को गिरफ्तार कर लिया था। रॉकी सोनीपत के मोहाना गांव का है। वे सेना में जवान है और छुट्टी आया हुआ था। तीनों आरोपियों को शनिवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उनको जेल भेज दिया। संवाद