पानीपत। स्वास्थ्य विभाग 23 मई से 27 मई तक राष्ट्रीय कृमि मुक्त अभियान चला रहा है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की 100 टीमों ने जिले में डोर टू डोर अभियान चलाया। पहले ही दिन स्वास्थ्य विभाग ने 80 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने का दावा किया है। सोमवार को 3.53 लाख बच्चों, किशोर और किशोरियों को एल्बेंडाजॉल की गोलिया खिलाई गई। मंगलवार से ईंट भट्ठा और मजदूरी कर रहे परिवारों के बच्चों को भी एल्बेंडाजॉल गोली खिलाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि 24 मई से स्कूलों से छुट्टिया हैं। इसके मद्देनजर विभाग डोर टू डोर जाकर बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोलिया खिला रहा है। पेट के कीड़े मारने के लिए एल्बेंडाजॉल गोली खिलाया जाता है। बगैर गोली खाए कोई भी बच्चा नहीं रहे इसके लिए विभाग ने प्लानिंग की है। मंगलवार से ईंट भट्ठा और मजदूरी कर रहे परिवारों के बच्चों को भी एल्बेंडाजॉल गोली खिलाई जाएगी। जिससे बच्चों का स्वास्थ्य उत्तम रहें और बच्चों को आगे बढ़ने में किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं आए।
राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी उप सिविल सर्जन डॉ. ललित वर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम 23 मई से 26 मई तक व 27 मई से 29 मई को बच्चों व लाभार्थी महिलाओं को एल्बेंडाजॉल गोली खिलाई जाएगी। पहले दिन 80 प्रतिशत पात्रों को गोलियां खिला दी गई है। गोली के खाने से कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि लाभार्थी को स्वस्थ रखने में बहुत ज्यादा कारगर है। कार्यक्रम के अंतर्गत 1 साल से 19 साल तक के लड़के व लड़कियों को व 20 साल से 24 साल तक लाभार्थी महिलाओं को एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई जा रही है। यह कार्य आशा वर्कर, एएनएम, आंगनबाड़ी वर्कर द्वारा घर घर जाकर खिलाई जा रही है ताकि कोई बच्चा रह ना जाए कोई बच्चा रह जाता है तो विभाग 27 मई को गोली खिलाएंगे।