पानीपत। सोनौली रोड पर निर्माणाधीन नाले में भरा गंदा पानी जिससे दुकानदारों को हो रही काफी परेशान?
- फोटो : Panipat
पानीपत। सनौली रोड पर निर्माणाधीन नाले यहां के दुकानदारों के लिए सुविधा की बजाए अब दुविधा बन रहा है। इस नाले की वजह से दुकानों के सामने बड़े-बड़े गड्ढ़े बने हुए हैं। इनमें पानी भरा है। यहां तक की निर्माणाधीन नाले के अंदर भी पानी जमा है। इससे नाले के निर्माण की क्वालिटी पर तो असर पड़ ही रहा है। इसके साथ ही दुकानें बंद करनी पड़ रही हैं। इसकी शिकायत कई बार निगम अधिकारियों को दी गई। इसके बाद निगम ने ठेकेदार को पानी निकलवाने के आदेश दिए।
स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि ठेकेदार एक बेहद पुराना जेनरेटर लेकर आया, जो चला तक नहीं। इसके बाद फिर से एक बेहद पुराना जेनरेटर लेकर पानी निकालने का प्रयास किया गया लेकिन ये भी ठप हो गया। ऐसे में दुकानदारों ने जानमाल के नुकसान होने की आशंका जताई है। उन्होंने कहा कि जिस जगह पर नाले का निर्माण हो रहा है, वहां पहले से पानी भरा हुआ है। नाले के अंदर तक पानी जमा हो चुका है। यहीं बिजली के खंभे भी हैं। सुरक्षा के लिहाज से कोई भी आवश्यक कदम नहीं उठाया जा रहा है। यहां कभी भी हादसा हो सकता है। इसके साथ दुकानों में दरारें आने तक का डर बना हुआ है।
सनौली रोड मार्केट के प्रधान सुनील चावला समेत दुकानदार हरीश सलूजा, प्रतीक तकयार, तरुण कटारिया, हिमांशु रामदेव, दीपक भारद्वाज, जुगल कुमार ने कहा कि क्या हर बार विरोध प्रदर्शन के बाद ही निगम जागता है। वे कई बार निगम अधिकारियों व ठेकेदार से आग्रह कर चुके हैं कि नाले का निर्माण सही तरीके से करवाया जाए लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अब दुकानदारों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
नाले का निर्माण सही तरीके से करवाया जा रहा है। अगर इसमें कोई कमी रह गई होगी तो उसे भी सही करवाया जाएगा। इस बारे में ठेकेदार को सख्त हिदायतें दी गई हैं। निर्माण कार्य में गुणवत्ता से समझौता नहीं होने दिया जाएगा। - नवीन सहरावत, एक्सईएन, नगर निगम, पानीपत।