तीन दिन की बारिश के बाद दो दिन से गर्मी व उमस ने लोगों का हाल बेहाल किया है। शनिवार को भी तेज धूप, गर्मी तथा भारी उमस से लोग परेशान रहे। दूसरी ओर मौसम विभाग ने प्रदेश के 16 जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि छह जिलों में मौसम सामान्य रहेगा।
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में मौसम लगभग साफ ही रहेगा। यहां दिन में बूंदाबांदी हो सकती है।
पानीपत का तापमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार तीन दिन पहले के मुकाबले शनिवार को अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, शनिवार को अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं हवा की गति 8 किलोमीटर प्रति घंटा और वातावरण में नमी की मात्रा 67 प्रतिशत तक दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार अगले 4 दिन तक लगभग हर रोज मध्यम से तेज बारिश की संभावना बनी हुई है।
बारिश के बाद दो दिन से गर्मी व उमस बढ़ी है, लेकिन शनिवार रात से मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने हरियाणा के 16 जिलों में तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है जिनमें पानीपत भी शामिल है। 21 जुलाई तक जिले में तेज बारिश की प्रबल संभावना है।
- डीएस बुंदेला, मौसम विशेषज्ञ।