माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। सावन की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हरियाणा और उत्तर प्रदेश प्रशासन ने साझा प्लान तैयार किया है। बुधवार शाम कैंप कार्यालय में पानीपत और शामली प्रशासन की संयुक्त बैठक हुई, जिसमें सीमा क्षेत्र में बेहतर तालमेल, यातायात व्यवस्था और कानून व्यवस्था पर कई फैसले लिए।
पानीपत के उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ट ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य प्रत्येक कांवड़िए को सुरक्षित और सुगम यात्रा उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को स्वच्छता, सुविधाओं और व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के निर्देश दिए।
शामली के जिलाधिकारी आलोक कुमार ने कहा कि दोनों राज्यों के प्रशासन के बीच सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान किया जाएगा, ताकि सीमा क्षेत्र में किसी भी स्थिति से समय रहते निपटा जा सके। पानीपत एसपी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यात्रा के दौरान शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, शामली के एसपी नरेंद्र प्रताप ने बताया कि दोनों राज्यों की पुलिस संयुक्त गश्त करेगी।
बैठक में निर्णय लिया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान वाहनों पर तेज आवाज वाले डीजे बजाने की अनुमति नहीं होगी। सनौली रोड, बिहौली रोड (समालखा), असंध रोड और गोहाना रोड पर वाहनों का संचालन निर्धारित लेन और नियंत्रित गति से कराया जाएगा। बैठक में एडीसी अंकित चौकसे, एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार, एसडीएम समालखा अमित कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप आदि मौजूद रहे।