बैडमिंटन प्रतियोगिता में विजेताओं को पुरस्कृत करते मुख्यातिथि। स्रोत : एसो.
पानीपत। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया। खिलाड़ियों ने फाइनल मुकाबले में जीत के खूब पसीना बहाया। आदित्य मलिक व कार्तिक मलिक ने प्रथम और अभिषेक वत्स व विश्वेंद्र दूसरे स्थान पर रहे। मिश्रित युगल के विजेता अभिषेक वत्स व भक्ति सहित सभी विजेताओं को पदक व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता में ईशान नांदल ने सुधांशु को, लड़कियोंं में अस्मी कादियान ने अभिश्री जेना को हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-11 लड़कियाें में खुशी ने एकल व युगल दोनों में प्रथम व यामिनी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया और अंडर-13 बालक वर्ग में अशमान विजेता व हेमंत उपविजेता रहे। प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पानीपत की टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मुख्यातिथि उद्योगपति पंकज कपूर ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में हर वर्ग के लोगों के लिए खेलों में भाग लेना आवश्यक है। दिनचर्या के कार्यों के साथ ही हमें व्यायाम और अन्य खेलोंं के लिए कुछ समय निकालना चाहिए। इससे शरीर का बेहतर विकास हो सके। उन्होंने बताया कि जिला बैडमिंटन एसोसिएशन द्वारा समय-समय पर प्रतियोगिता कराई जाती हैं। इनमें खिलाड़ियों का उत्साह देखने वाला रहता है। इस मौके पर एसोसिएशन के खजांची सतीश महाजन, मीडिया प्रभारी ओपी राणोलिया, उप-प्रधान दिनेश संधूजा, सुरेंद्र शर्मा, दीपक बजाज व तकनीकी सलाहकार विपिन शर्मा मौजूद रहे।