पानीपत। सीआईए-3 पुलिस टीम ने आईओसी की पाइप लाइन से तेल चोरी करने के मामले में पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने साथियों के साथ समालखा क्षेत्र के गांव नारायणा में पाइप लाइन में वॉल्ब लगाकर तेल चोरी किया था। आरोपी को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
सीआईए-3 प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार ने बताया कि 14 मई 2024 को समालखा थाना क्षेत्र के गांव नारायणा के जंगल में गन्ने के खेत से गुजर रही इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन की मथुरा-पानीपत पाइप में सेंधमारी हुई थी। इस संबंध में उत्तरी क्षेत्र पाइप लाइन के वरिष्ठ प्रबंधक हंसराज मीना ने थाना समालखा में मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के बाद पुलिस ने दो आरोपियों इशाक निवासी धामड़ गांव रोहतक, सुनील निवासी मनाना गांव समालखा को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया था। पूछताछ में यूपी के बागपत जिले के बोडा गांव निवासी सुनील का नाम भी सामने आया था। उस समय से सुनील फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने पांच हजार का इनाम घोषित किया था।
हाल ही में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी सहारनपुर में रह रहा है। सीआईए-3 की टीम ने सहारनपुर में दबिश देकर शनिवार को आरोपी संदीप को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है। रिमांड में आरोपी के अन्य फरार साथियों के ठिकानों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस के मुताबिक आरोपी सुनील के खिलाफ समालखा में तीन केस और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर और अन्य जिले में भी नौ केस दर्ज है। ब्यूरो