मतलौडा। अहर गांव निवासी दो भाइयों को अमेरिका भेजने का झांसा देकर 54.75 लाख रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के दूसरे आरोपी विकास चंद्र हेल्दर निवासी अनीशमाली जिला गगनपुर नादिया, पश्चिम बंगाल को मतलौडा पुलिस ने कोलकाता से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार अपने साथी बंटी निवासी शेखपुरा, जिला करनाल व मामले में नामजद गिरोह के साथी आरोपियों के साथ मिलकर अमेरिका भेजने के नाम पर ठगी की वारदात में शामिल होने का कबूलनामा किया है। पुलिस ने उससे 60 हजार रुपये बरामद किए हैं।
थाना मतलौडा प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि अहर गांव निवासी धर्मबीर ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसका छोटा भाई कर्मवीर 10वीं पास है। उसके गांव के ही बलवान व उसके बेटे सोहन ने शेखपुरा गांव निवासी अपने साथी राहुल के साथ मिलकर सितंबर 2021 में उससे व उसके भाई कर्मवीर से संपर्क किया था। तीनों ने उन्हें कहा कि वे उन दोनों भाइयों को अमेरिका में अच्छी नौकरी दिला देंगे। इसके लिए उनसे 20 लाख रुपये मांगे गए। इसके बाद राहुल ने अपनी पत्नी परमजीत, भाई बंटी, विकास चंद्रा हेल्दर, उसकी पत्नी दिपानविका निवासी गांव अनीसमाली, पश्चिम बंगाल, चंचल राय निवासी स्वामी विवेकानंद नगर, नागपुर, महाराष्ट्र, अरिंदम चौधरी निवासी गिलापोल अनिसमाली, पश्चिम बंगाल व प्रदीप निवासी गांव डाल्टनगंज, जिला पलामू झारखंड से मिलवाया। सभी ने उन्हें विश्वास दिलाया कि उन्होंने काफी लड़कों को अमेरिका भेजकर नौकरी दिलवाई है। उन्होंने आरोपियों पर विश्वास कर 20 लाख रुपये दे दिए। आरोपियों ने कर्मबीर को दुबई भेज दिया। फिर उसे यहां से अमेरिका भेजने के नाम पर साढ़े चार लाख रुपये और मांगे गए रुपये न देने पर कर्मबीर को मारने की धमकी भी दी गई। जनवरी 2022 में राहुल ने फोन कर कहा कि कर्मबीर को अमेरिका पहुंचाने और अच्छी नौकरी दिलवाने के लिए और पैसों की जरूरत है। उसको डराकर फिर उससे 20 लाख रुपये और लिए गए। फरवरी 2022 में राहुल ने फोन कर कहा कि कर्मबीर बीमार हो गया है। उसके इलाज के लिए दो लाख रुपये चाहिए। 14 फरवरी 2022 को उसने 1.75 हजार रुपये खाते में डलवा दिए। आरोपी उसके भाई कर्मबीर को नशा व ड्रग्स की ओवरडोज देते थे। 21 फरवरी 2022 को पता चला की उसके भाई की मौत हो गई है। आरोपियों ने उससे कुल 54.75 लाख रुपये की ठगी की है।