माई सिटी रिपोर्टरनीपत। सीआईए-वन की टीम ने नाबालिग से दुराचार के एक आरोपी को अवैध पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर दुराचार का मुकदमा जनवरी महीने में थाना शहर में दर्ज किया गया है। वह इस मामले में फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में एक अन्य मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीआईए-वन प्रभारी संदीप ने बताया कि टीम शनिवार को सेक्टर 18 में गंदा नाला पुल पर थी। सेक्टर 40 की तरफ से एक युवक पैदल आ रहा था। वह पुलिस टीम को देख वापस जाने लगा। टीम ने तत्परता से युवक को पकड़ पूछताछ की। उसने अपनी पहचान सुमित उर्फ मोगली उर्फ सरकारी निवासी गढ़ी सिकंदरपुर गांव के रूप में बताई।
पुलिस टीम ने तलाशी लेने पर उससे एक अवैध पिस्तौल बरामद किया। वह इसके बारे में कोई भी कागजात पेश नहीं कर सका। उसने पूछताछ में बताया उसने करीब नौ महीने पहले यूपी के शामली के एक युवक से दो देसी पिस्तौल कम कीमत पर खरीदी थी।