संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। फिरोजपुर से दिल्ली मार्ग तक चलाई जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का पानीपत स्टेशन पर ठहराव यात्रियों के लिए किसी सौगात से कम नहीं है। ठहराव शुरू हुए अब छह दिन बीत चुके हैं और हर दिन यात्रियों की संख्या में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। वीरवार को वंदे भारत ट्रेन के ठहराव के छठे दिन करीब 15 यात्रियों ने पानीपत से इस ट्रेन में सफर किया। इनमें से अधिकतर यात्रियों ने अपने टिकट ऑनलाइन बुक किए। जिससे रेलवे को डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने में भी मदद मिल रही है।
स्टेशन पर ट्रेन 1:05 पर आई। पांच मिनट के ठहराव के बाद 1:10 पर दिल्ली के लिए रवाना हो गई। वंदे भारत ट्रेन की सुविधाएं सामान्य ट्रेनों की तुलना में कहीं बेहतर हैं। ट्रेन का समय पर पहुंचना, साफ-सुथरा वातावरण, और आरामदायक सीटें यात्रियों के सफर को आनंददायक बनाती हैं। पानीपत से दिल्ली या आगे के स्टेशनों के लिए यात्रा करने वाले यात्रियों में इस ट्रेन के प्रति उत्साह बढ़ता जा रहा है। हार्मोनी सिटी के अबाशु ने बताया कि वंदे भारत ट्रेन में दिल्ली जाने के लिए ऑनलाइन टिकट बुक किया है। पानीपत में इसका ठहराव होना हमारे जैसे यात्रियों के लिए बड़ी राहत है। अब हमें दिल्ली जाने के लिए ट्रेन बदलने या समय खराब करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पटियाला से वंदे भारत ट्रेन में सफर कर पानीपत पहुंची रितु और आशिया ने बताया कि ट्रेन की व्यवस्था बहुत ही बेहतर है। दोनों ने कहा कि ट्रेन में बैठते ही लग्जरी ट्रेन जैसा अनुभव मिलता है। सीटें आरामदायक हैं, सफाई उत्कृष्ट है और रेलकर्मी यात्रियों की हर जरूरत का ध्यान रखते हैं। उन्होंने कहा कि पहले उन्हें पानीपत पहुंचने के लिए कई बार ट्रेनें बदलनी पड़ती थीं लेकिन अब वंदे भारत ट्रेन के कारण सफर न सिर्फ आसान बल्कि तेज भी हो गया है।
पानीपत स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन के ठहराव के बाद यात्रियों की संख्या में हर दिन इजाफा हो रहा है। शुरुआती दिनों में जहां आठ से दस यात्री सफर कर रहे थे, वहीं अब यह संख्या 15 से 20 तक पहुंच चुकी है।
-मुकेश, सीएमआई रेलवे स्टेशन।