माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। थाना औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र के शिव नगर कॉलोनी में मंगलवार रात राजीव (38) ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उसकी कुछ दिन पहले नौकरी छूट गई थी जिस कारण काम न मिलने से वह तनाव में था।
मूल रूप से हरदोई निवासी रामबीर ने बताया कि उनके भाई राजीव परिवार के साथ शिव नगर कॉलोनी में रहकर एक फैक्ट्री में काम करते थे। कुछ दिन पहले उनकी नौकरी छूट गई। जिसके बाद वह दूसरी नौकरी की तलाश कर रहे थे। काम न मिलने से वह काफी तनाव में थे जिस कारण घर में भी कलह रहती थी। मंगलवार रात को वह खाना खाने के बाद सोने चले गए। सुबह परिजन उठे तो राजीव का शव फंदे पर लटका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। राजीव के दो बच्चे एक बेटा और एक बेटी हैं। उनकी पत्नी गर्भवती है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। थाना सेक्टर-29 प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि फंदा लगाकर एक व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।