संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली (पानीपत)। अत्ताैलापुर गांव स्थित डायना मैक्स टेक्सटाइल फैक्टरी में शनिवार की शाम करीब छह बजे पानी का टैंक साफ करते समय गैस बनने से श्रमिक बापौली निवासी राजकुमार (35) की मौत हो गई व कृष्ण और इमरान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें दूसरे श्रमिकों ने अपनी जान जोखिम डालकर बाहर निकाला। थाना सनौली की पुलिस ने मृतक के शव को शवगृह में रखवा दिया है और दोनों घायलों को पार्क अस्पताल में दाखिल कराया है। परिजनों ने देर रात फैक्टरी के बाहर जाकर हंगामा किया।
बापौली से जलालपुर रोड पर अत्तौलापुर गांव स्थित डायना मैक्स टेक्सटाइल फैक्टरी में बापौली निवासी राजकुमार (35), अत्तौलापुर के कृष्ण और मोहाला गांव के इमरान फैक्टरी में काम पर आए थे। प्रत्यक्षदर्शी हरीश ने बताया कि उनको फैक्टरी में जमीन के नीचे बनाए पानी का टैंक साफ करना था। राजकुमार पानी के टैंक में उतरा। वह करीब 15 मिनट तक बाहर नहीं आया और न ही उसकी कोई प्रतिक्रिया आई। कृष्ण और इमरान उनको देखने के लिए नीचे उतरे। वे दोनों भी अंदर ही रह गए। उनके दूसरे साथी मुंह पर कपड़ा बांधकर अंदर घुसे। वे बड़ी मुश्किल से उनको बाहर निकालकर लाए। इसकी सूचना मिलते ही डायल 112 पहुंची।
पुलिस तीनों को एक निजी अस्पताल में ले गई। जहां चिकित्सकों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। बाकी दोनों को सिवाह गांव स्थित पार्क अस्पताल में दाखिल कराया। श्रमिकों ने बताया कि फैक्टरी जींद निवासी दिनेश गर्ग ओर जतिन गर्ग की है। उनके परिजनों ने आरोप लगाया कि फैक्टरी मालिक की लापरवाही के चलते हादसा हुआ है।
डेढ़ साल पहले तीन की हुई थी मौत
कुराड़ व आसपास की अधिकतर फैक्टरी में पानी के टैंक जमीन में बना रखे हैं। डेढ़ साल पहले गोर्जा फैक्टरी में तीन मजदूरों की पानी के टैंक में डूबने से मौत हाे गई थी। परिजनों ने फैक्टरी मालिक पर उनको जबरदस्ती टैंक में उतारने का आरोप लगाया था। सनौली थाना पुलिस ने इसमें फैक्टरी मालिक पर हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया था। परिजनों ने पुलिस पर भी फैक्टरी मालिक का पक्ष ऊपर रखने के आरोप लगाए थे। तत्कालीन एसपी ने इस मामले की एसआईटी से जांच कराई थी।
अत्तौलापुर गांव स्थित डायना मैक्स टेक्सटाइल फैक्टरी के पानी के टैंक में डूबने से एक श्रमिक की मौत होने की सूचना मिली है। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है। दो श्रमिकों को पार्क अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।
- वेदपाल, प्रभारी, थाना पुलिस सनौली