पानीपत। सेक्टर-11 की डॉ. हरसिमरन कौर के साथ डॉक्टर ऑफ मेडिसिन (एमडी) में प्रवेश दिलाने का झांसा देकर 14 लाख की ठगी कर ली। यूपी के मुजफ्फरनगर जिले के कुटेसरा गांव के 12वीं पास शाहदुजमान ने खुद को पीजीआई चंडीगढ़ के एमडी कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. निखिल बनकर महिला चिकित्सक से इंस्टाग्राम पर संपर्क किया था और उनको किंग जार्ज यूनिवर्सिटी लखनऊ में प्रवेश दिलाने का झांसा किया।
साइबर थाना पुलिस ने आरोपी शाहदुजमान को गिरफ्तार कर लिया है। प्रथम दृष्टया इंस्टाग्राम पर आईडी बनाकर हरियाणा समेत यूपी, उत्तराखंड़ व दिल्ली की 15 से अधिक महिला चिकित्सकों के साथ ठगी करना सामने आया है। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भी उसके खिलाफ ठगी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी के मोबाइल और सिम कार्ड की जांच कर रही है।
डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स ने सोमवार को मामले को खुलासा किया। उन्होंने बताया कि चांदनीबाग थाना क्षेत्र के सेक्टर-11 की डॉ. हरसिमरन ने पुलिस को शिकायत दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2022 में एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद एमडी करने की तैयारी कर रही थी। उनकी इंस्टाग्राम पर डॉ. निखिल नाम के व्यक्ति से बात हुई। उन्होंने खुद को पीजीआई में तैनात बताया। इसके बाद उनकी आईडी Drnikhil90 पर लगातार बात होने लगी। डॉ. निखिल ने उनका प्रवेश लखनऊ की किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ में एमडी ड्रामालोजिस्ट में कराने की बात कही।
उन्होंने विश्वास कर डॉ. निखिल के बताए गए खातों में 14 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने रेडिफ पर मेल आईडी बनाकर उनके पास मेल भेज उनका प्रवेश होने की बात कही। वहीं यूनिवर्सिटी पहुंची तो पता चला कि उनका प्रवेश नहीं हुआ था। उन्होंने उनके दिए नंबर पर फोन किया तो वह बंद मिला। आईडी पर भी ब्लॉक कर दिया गया। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस को दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार मई को प्राथमिकी दर्ज की।
साइबर क्राइम थाना पुलिस ने जांच की तो आईडी मुजफ्फरनगर के कुटेसरा गांव के शाहदुजमान की मिली। पुलिस ने शाहदुजमान को कुटेसरा गांव से गिरफ्तार कर तीन दिन के रिमांड पर लिया। आरोपी से पूछताछ में फर्जीवाडे़ का खुलासा हुआ। शाहदुजमान ने पुलिस को डॉ. निखिल के नाम से आईडी बनाकर ठगी करना स्वीकार किया।