पानीपत। मां के साथ अस्पताल में उपचार के लिए पहुंची 15 वर्षीय गर्भवती किशोरी पुलिस के पहुंचने से पहले ही रफूचक्कर हो गई। अस्पताल स्टाफ की सूचना पर जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वे दोनों वहां नहीं मिली। जिसके बाद तहसील कैंप थाना पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई हैं। बाल कल्याण समिति ने भी मामले का संज्ञान लिया है।
बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे जिला नागरिक अस्पताल में गर्भवती किशोरी अपनी मां के साथ पहुंची। उन्होंने बताया कि वह तहसील कैंप थाना क्षेत्र से आए हैं। जिस पर अस्पताल के स्टॉफ ने इसकी सूचना तहसील कैंप थाना पुलिस को दी। जिस पर तुरंत ही तहसील कैंप थाना पुलिस अस्पताल में पहुंची लेकिन तब तक किशोरी और उसकी मां वहां से लापता हो गई। पुलिस अब किशोरी और उसकी मां की तलाश में जुटी है। आशंका है किशोरी के साथ दुष्कर्म हुआ है और आरोपी पक्ष ने किशोरी को कहीं छिपा दिया है। वहीं, बाल कल्याण समिति के चेयरमैन केदार दत्त कौशिक ने बताया कि उनके पास भी इसकी सूचना आई है। वीरवार को प्रकरण की जांच की जाएगी।
अस्पताल से गर्भवती किशोरी के उपचार के लिए पहुंचने की सूचना मिली थी। तुंरत टीम को मौके पर भेजा गया लेकिन, वहां किशोरी नहीं मिली। किशोरी की तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
-बलजीत सिंह, प्रभारी थाना तहसील कैंप।