गांव सौदापुर में मानसिक रूप से परेशान चल रहे एक युवक ने शादी से एक माह पहले फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार शाम फैक्टरी से युवक की मां घर लौटी, उसने दरवाजा खोला तो बेटे का शव फंदे पर लटका देखकर चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग इकट्ठा हुए और शव को फंदे से नीचे उतारा। रविवरा को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
गांव सौदापुर निवासी संजीव पुत्र मदन ने बताया कि वह चार बहन भाई हैं। तीसरे नंबर का भाई प्रवीन (25) खराद का काम करता था। उसका तीन माह पहले सोनीपत के गन्नौर में रिश्ता हुआ था। प्रवीन सूल्फा आदि का नशा करता था। वह पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। शनिवार को वह घर पर था, मां रेशमा फैक्टरी में काम पर चली गई थी। वह शाम को करीब साढ़े छह बजे घर पहुंची तो दरवाजा खोलते ही प्रवीन का शव अंदर कमरे में फंदे पर लटका मिला। मां ने फोन कर उसे सूचना दी। आसपास के लोगों की मदद से प्रवीन के शव को फंदे से नीचे उतारा। सूचना मिलते ही पुराना औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया।
पिता की 2017 में बीमारी की वजह हो गई थी मौत
मृतक के भाई संजीव ने बताया कि उसके पिता मदन की 2017 में बीमारी की वजह मौत हो गई थी। वह शादीशुदा है और पत्नी के साथ अलग मकान में रहता है। जबकि प्रवीन और मां रेशमा दोनों एक साथ रहते थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। शव कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।
-इंस्पेक्टर कमलजीत सिंह, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी