माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। विकास नगर में गर्भपात करने के आरोप में गिरफ्तार दाई सुदेश गोहाना रोड स्थित एक नर्सिंग होम में ही नौकरी करती थी। उन्होंने नौकरी छोड़ने के बाद विकास नगर स्थित घर में गर्भपात का धंधा शुरू कर दिया था। वह नर्सिंग होम के स्टाफ और आसपास के लोगों के लगातार संपर्क में थी। लोग नर्सिंग होम में आने वाली महिलाओं को दाई के पास ले जाते थे। इस पैसे से कमीशन भी ले लेते थे। स्वास्थ्य विभाग की डिकॉय को भी इस तरह दाई के पास लेकर गए थे। पुलिस की प्रथम दृष्टया जांच में दलाल के साथ और भी लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस नर्सिंग होम की चिकित्सक की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
सेक्टर-29 थाना पुलिस ने आरोपी दाई सुदेश को मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी महिला सुदेश को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। कोर्ट ने साथ ही इस मामले में बाकी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के आदेश दिए। थाना सेक्टर-29 के प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि आरोपी महिला सुदेश ने बताया कि वह पहले गोहाना रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में नौकरी करती थी। उसने यहां से नौकरी छोड़ दी थी। वह अब विकास नगर स्थित घर में गर्भपात करती थी। वह दूसरे लोगों की मदद से नर्सिंग होम व अस्पताल में आने वाली महिलाओं पर नजर रखती थी। वे गर्भपात कराने की इच्छा रखने वाली महिलाओं से संपर्क करते थे। उनसे 10 से 15 व 20 हजार तक रुपये लेते थे। उन्होंने सोमवार को एक महिला से गर्भपात करने के लिए 12 हजार रुपये लिए थे।
यह है मामला
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने महिला डिकॉय मदद से विकास नगर गली नंबर-11 स्थित दाई सुदेश को गर्भपात करते पकड़ा था। टीम ने दाई को पुलिस के हवाले कर दिया था और इसमें लिखित शिकायत दी थी। पुलिस ने महिला और दलाल समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस अब तक दलाल की धरपकड़ में लगी है। वहीं गोहाना रोड स्थित नर्सिंग होम के चिकित्सक की गतिविधियां संदिग्ध मानी गई हैं।
पुलिस ने गर्भपात करने की मुख्य आरोपी सुदेश को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसको न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस इस मामले में बाकी लोगों की धरपकड़ कर रही है। सुदेश पहले जीवन ज्योति नर्सिंग होम में नौकरी करती थी। इसमें बाकी लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है। आरोपियों जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- अनिल कुमार, प्रभारी, थाना पुलिस सेक्टर-29