पानीपत। काबड़ी रोड गोपाल नगर कॉलोनी में स्पिनिंग मिल में मंगलवार दोपहर को आग लग गई। आग की सूचना पर दमकल विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। उधर, आग लगने से मिल में रखा तैयार और कच्चा माल पूरी तरह से खाक हो गया। टीन शेड और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
कारोबारी तरुण ने बताया कि उनका गोपाल नगर में शिव स्पिनिंग मिल है। मिल में मंगलवार दोपहर एक बजे आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मिल को अपने चपेट में ले लिया। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। तुरंत ही दमकल विभाग की पांच टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
टीमों ने करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एप्हसेंपे ने बताया कि मिल में आग लगने के कारण काफी नुकसान हुआ है। मिल के गोदाम में रखा तैयार और कच्चा माल पूरी तरह से खाक हो गया है। वहीं, टीन शेड और दीवार भी क्षतिग्रस्त हो गई। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
भीड़ वाले इलाके में आग लगने से मची खलबली : उधर, मिल आबादी वाले क्षेत्र में है। भीड़ वाले क्षेत्र में आग लगने से खलबली मच गई। आस-पास के लोग अपने-अपने मकान से बाहर आ गए। इस दौरान मौके पर भीड़ जमा हो गई। दमकल विभाग की टीम फैक्टरी की एनओसी की भी जांच क रही है।