पानीपत। महाबीर कॉलोनी में एक युवती को डिजिटल अरेस्ट कर 18 हजार की ठगी कर ली। ठग ने उसको उसके पिता का दोस्त बता फोन किया था। उसने गलती से 20 हजार रुपये उनके खाते में ट्रांसफर करने का झांसा दिया था। थाना शहर पुलिस ने इसमें धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
महाबीर कॉलोनी के संजय राजपाल ने पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि उसकी बेटी के पास दो मार्च को एक अनजान नंबर से फोन आया। उक्त व्यक्ति ने उनको बताया कि वह उसके पापा का दोस्त बोल रहा है। उन्हाेंने पापा को दो हजार देने हैं। वे उनके खाते में ऑनलाइन दे रहा है। उसने उसकी बेटी के खाते में दो हजार रुपये डालकर उसे एसएमएस कर दिया।
उक्त व्यक्ति ने कहा कि उसने गलती से दो हजार की बजाय 20 हजार रुपये खाते में ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए हैं। वह उनको 18 हजार रुपये ऑनलाइन उसी खाते में ट्रांसफर कर दें। उसकी बेटी ने जल्दबाजी में उसके खाते में एक बार 10 और दूसरी बार आठ हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
उसकी बेटी ने बैंक खाते की जांच की तो दो हजार रुपये आए नहीं। उनकी बेटी ने साइबर क्राइम पेट्रोल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि आरोपी ने उसकी बेटी को वाॅटसएप कॉल के माध्य से होल्ड किया था। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर गौरव ने बताया कि पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।