पानीपत। दिल्ली पैरलल नहर के साथ पानीपत रिफाइनरी बाईपास रोड के जाटल रोड पर फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इस पर करीब 33 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके बन जाने के बाद शहर के साथ आसपास की कॉलोनियों व इस सड़क के दो दर्जन गांवों की जाम की समस्या का समाधान होगा।
सरकार ने पीडब्ल्यूडी के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। यही नहीं बाईपास रोड पर यह तीसरा फ्लाईओवर होगा। इस पर पानीपत-जींद रेल लाइन पर पहले से फ्लाईओवर है। असंध रोड पर फ्लाईओवर निर्माणाधीन है। इसे 2027 में मूर्त रूप मिलेगा। दिल्ली पैरलल नहर के साथ रिफाइनरी बाईपास रोड शहर की मुख्य सड़कों में से एक है।
लोग जीटी रोड पर आने के बजाय बाईपास रोड का प्रयोग कर दिल्ली व रिफाइनरी की तरफ जाने के लिए करते हैं। जाटल रोड शहर की 12 कॉलोनियों व 28 गांवों को जोड़ता है। इस पर जाम की समस्या बनी रहती है। सुबह, दोपहर और शाम के समय जाम अधिक बढ़ जाता है। पुलिसकर्मियों को दिनभर काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
इन कॉलोनियों व गांवों को मिलेगा विशेष लाभ ः जाटल रोड फ्लाईओवर पर 33 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके बनने राजपूत कॉलोनी, शोंधापुर, सुताना, कश्यप कॉलोनी, क्रांति नगर, ओम कॉलोनी, मुखीजा कॉलोनी, आरके पुरम, सैनी कॉलोनी, वाल्मीकि नगर व शहर से बाहर के क्षेत्र से आने और जाने वाले लोगों को इस पुल से विशेष लाभ होगा।
इसके साथ जाटल रोड, बिंझौल, सुताना, भादड़ समेत मतलौडा और इसराना खंड के गांव जुड़ेंगे।