मतलौडा। मतलौडा थाना क्षेत्र के धर्मगढ़ गांव में पराली के स्टॉक में आग लग गई। गांव के ही कुलदीप ने अपने खेत में करीब 800 एकड़ धान की फसल की पराली का स्टॉक कर रखा था। आग की सूचना पर दमकल विभाग की पांच गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, आग भीषण होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया गया।
उधर, ग्रामीणों ने दमकल विभाग की टीम पर देरी से पहुंचने के आरोप लगाए है।
गांव के कुलदीप ने बताया कि उनका पराली का व्यापार है। उन्होंने आस-पास के जिलों से करीब 800 एकड़ धान की फसल की पराली खरीदकर अपने तीन एकड़ खेत में स्टॉक किया था। जहां पर पराली स्टॉक की गई थी उसके ऊपर से बिजली की लाइन जा रही थी। रविवार शाम को अचानक बिजली की का तार टूट कर पराली पर गिर गया। जिससे पराली के स्टॉक में आग लग गई।
ग्रामीणों ने आग की लपटें उठती देखी तो तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग की टीम को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन, आग भीषण होती चली गई। करीब पांच घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन अभी तक आग पर पूरी तरह से नियंत्रण हो पाया है। दमकल विभाग की पांच टीमें आग बुझाने में जुटी हैं।
उधर, ग्रामीणों ने दमकल विभाग की टीम पर देरी से पहुंचने के आरोप लगाए हैं। सरपंच रविंद्र मान ने बताया कि दमकल विभाग की टीम दो घंटे की देरी से पहुंची। यदि समय रहते पहुंच जाती तो आग पर काबू पाया जा सकता था। उधर, दमकल विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि दो गाड़ी तुरंत आ गई थी। वहीं दो गाड़ृी रेलवे फाटक बंद होने के कारण कुछ देरी से पहुंची।