पानीपत। औद्योगिक थाना सेक्टर-29 में चौटाला रोड पर फैक्टरी में काम करते समय करंट लगने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मृतक को शुक्रवार की रात बिजली के तार जोड़ते समय करंट लगा था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
मूल रूप से औरंगाबाद निवासी प्रिंस यादव (20) पानीपत में रहकर फैक्टरी में काम करते थे। प्रिंस के पिता शत्रुघ्न यादव ने बताया कि शुक्रवार रात को प्रिंस फैक्टरी में काम कर रहा था। इसी बीच बिजली का एक तार हट गया। प्रिंस तार लगाने लगा तो वह करंट की चपेट में आकर झुलस गया। तुरंत ही उसे पास के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। शनिवार दोपहर को उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना सेक्टर-29 प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।