पानीपत। पानीपत के दर्जनों परिवार उत्तराखंड में भारी बारिश और भूस्खलन में फंस गए हैं। उनका किसी से कोई संपर्क हो पा रहा है। वे गर्मियों की छुट्टियों में उत्तराखंड के पर्यटक और धार्मिक स्थलों पर गए थे। उनसे बात नहीं होने पर पानीपत में परिवार के सदस्यों की चिंता बढ़ गई है।
गर्मियों की छुट्टियों में पानीपत के दर्जनों परिवार उत्तराखंड के पर्यटक स्थलों के साथ बद्रीनाथ, केदारनाथ, यमुनोत्री और गंगोत्री के दर्शन करने गए हैं। उत्तराखंड में गत दिनों तेज बारिश के कारण कई स्थानाें पर भूस्खलन होने की सूचना है। कई जगह के रास्ते बंद हो गए और पर्यटक फंस गए। पानीपत में परिवार के अन्य सदस्यों से अमर उजाला ने बात की।
केदारनाथ घूमने गए थे
भगत नगर तहसील कैंप से नौ युवाओं का दल केदारनाथ घूमने गया था। इनमें हिमांशु, हैप्पी, सुरेश, सोनू, मिंटू, संदीप, प्रिंस और जगदीप हैं। हिमांशु की मां वीना ने बताया कि उनके बेटे ने फोन पर भारी बारिश की बात बताई थी। लेकिन उसके बाद बात नहीं हो पाई। उन्हें मंगलवार को वापस आना था। लेकिन नहीं आ पाए।
परिवार सहित गया है नरेश
गोहाना रोड निवासी नरेश परिवार और रिश्तेदारों के साथ 11 जून को बद्रीनाथ गया था। सोमवार सुबह से उनसे संपर्क टूटा है। परिवार के लोग लगातार हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क साध रहे हैं। लेकिन उनसे बात नहीं हो पा रही।
परिवार और रिश्तेदारों समेत फंसे
खन्ना रोड निवासी विनोद अपने परिवार और रिश्तेदारों समेत 13 जून को केदारनाथ के दर्शन करने थे। इनके पड़ोसी सुरेंद्र गर्ग ने बताया कि रविवार शाम को इनसे मोबाइल संपर्क टूट गया और किसी प्रकार की बात नहीं हो पा रही। विनोद के साथ उसकी पत्नी निशा, बच्चे विशु, मेघा समेत बहन, जीजा और साढ़ू और साली के बच्चों समेत 11 सदस्य गए हैं। वे उनको लेकर काफी चिंतित हैं।